Site icon TIMES OF PEDIA

बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव वाले क्षेत्र का असर शुरू, काठमांडू में दिनभर बारिश की संभावना

nepal-weather-heavy-rain-all

nepal-weather-heavy-rain-all

काठमांडू, 23 सितंबर । बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव वाले क्षेत्र का प्रभाव नेपाल में दिखाई देने लगा है। मानसूनी हवाओं के साथ इस प्रणाली के प्रभाव के कारण बुधवार को देश के विभिन्न हिस्सों में बारिश हो रही है।

मौसमविद् डेविड ढकाल के अनुसार कम दबाव प्रणाली का आंशिक प्रभाव बागमती प्रदेश से पूर्वी नेपाल तक दिखाई देने लगा है। हालांकि, गंडकी प्रदेश में अभी इसका खास प्रभाव नहीं देखा गया है। उन्होंने बताया कि मौजूदा बारिश के लिए कम दबाव प्रणाली के साथ-साथ मानसूनी हवाएं भी जिम्मेदार हैं। बागमती प्रदेश में बुधवार को दिनभर बारिश की संभावना है, हालांकि लगातार बारिश होने की संभावना नहीं है।

मौसमविद् ढकाल के मुताबिक काठमांडू में भी दिनभर रुक-रुककर बारिश हो सकती है और धूप निकलने की संभावना कम है। मधेस प्रदेश में भी सुबह से बादल छाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि कम दबाव प्रणाली अब गहरे कम दबाव वाले क्षेत्र में विकसित हो चुकी है और धीरे-धीरे जमीन की सतह की ओर बढ़ रही है। इसके बुधवार शाम या गुरुवार तक जमीन की सतह पर पहुंचने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधि और बढ़ सकती है। आज की तुलना में गुरुवार और शुक्रवार को बारिश अधिक होने की संभावना है। इस अवधि में ऊंचे पहाड़ी और हिमाली क्षेत्रों में भारी हिमपात की भी संभावना जताई गई है। पर्वतारोहण के मौजूदा मौसम को ध्यान में रखते हुए मौसम विभाग ने पहले ही रेड अलर्ट जारी कर दिया है।

Exit mobile version