Site icon TIMES OF PEDIA

एमएलसी शिक्षक-स्नातक चुनाव को लेकर एडीएम ने की बैठक

mlc-election-adm-holds-meet

mlc-election-adm-holds-meet

बागपत, 29 सितंबर । उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव-2026 को लेकर मंगलवार काे कलेक्ट्रेट पर बैठक आयोजित की गई। इसमें उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव कुमार राय ने समीक्षा के बाद संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए ।

उन्हाेंने स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने सभी प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ करने को कहा।

बैठक में जानकारी दी गई कि मेरठ खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के तहत बागपत जनपद में 23 अक्टूबर 2026 को एक चरण में मतदान कराया जाएगा। इसके लिए जिले में 7 मतदान केंद्र और 21 मतदान बूथ बनाए गए हैं। मतदाताओं के आंकड़ों पर नजर डालें तो स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 3,698 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 3,677 मतदाता पंजीकृत हैं।

एडीएम राजीव कुमार राय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता और सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर अपर जिला अधिकारी न्यायिक देवेंद्र कुमार पांडे ,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर तीरथ लाल ,जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडे समस्त एसडीएम ,समस्त सीओ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version