Site icon TIMES OF PEDIA

70 मैकेनिकल रोड स्वीपर और 1,000 बैटरी चालित लिटर पिकर खरीदेगा एमसीडी

mcd-general-house-meeting

mcd-general-house-meeting

नई दिल्ली, 29 सितंबर । दिल्ली नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक में मंगलवार को नागरिक सुविधाओं, प्रदूषण नियंत्रण, स्वच्छता और अवैध निर्माण समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में दिल्ली की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 70 नए मैकेनिकल रोड स्वीपर और 1,000 वैक्यूम-बेस्ड बैटरी चालित लिटर पिकर मशीनें खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

उप-महापौर डॉ. मोनिका पंत ने बताया कि आधुनिक मशीनों के इस्तेमाल से सड़कों की सफाई और धूल नियंत्रण व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि निगम स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक और मशीनरी के इस्तेमाल पर जोर दे रहा है।

उन्होंने बताया कि सामान्य सभा ने दिल्ली नगर निगम अधिनियम की धारा 506(ए) के तहत दिल्ली के 48 गांवों को शहरीकृत घोषित करने से संबंधित प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इससे इन गांवों में नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

बैठक में प्रदूषण, अवैध निर्माण और अन्य नागरिक मुद्दों पर विभिन्न दलों के पार्षदों ने चर्चा की और सुझाव रखे। उप-महापौर ने आरोप लगाया कि इन मुद्दों पर आम आदमी पार्टी के पार्षदों की अपेक्षित भागीदारी नहीं रही। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर नागरिकों से जुड़े विषयों पर सदन में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

डॉ. मोनिका पंत ने बताया कि पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों से जुड़ी समस्याएं भी सदन में उठाईं। इनमें स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं, सड़कों, बुनियादी ढांचे और स्थानीय समस्याओं के समाधान से जुड़े विषय शामिल रहे।

उन्होंने कहा कि निगम का लक्ष्य दिल्ली में नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार करना है। निगम जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए राजधानी को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार काम करता रहेगा।

Exit mobile version