नई दिल्ली, 27 अगस्त । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की वर्ष 2026-27 के लिए विशेष, तदर्थ एवं वैधानिक समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गुरुवार को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि पर विभिन्न पदों के लिए पार्षदों ने पर्चे दाखिल किए। समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव उनकी पहली बैठक में 2 और 3 सितंबर को होगा।
निगम सचिव कार्यालय में नामांकन प्रक्रिया के दौरान महापौर प्रवेश वाही, उप महापौर डॉ. मोनिका पंत, सदन के नेता जय भगवान यादव सहित बड़ी संख्या में पार्षद मौजूद रहे। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद महापौर ने सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समितियों में वरिष्ठता, अनुभव, युवाओं और महिलाओं को संतुलित प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है।
वैधानिक समितियों में शिक्षा समिति के अध्यक्ष पद के लिए योगेश वर्मा (वार्ड 064) और उपाध्यक्ष पद के लिए अमित खरखड़ी (वार्ड 127) ने नामांकन किया है। वहीं, नियुक्ति, पदोन्नति, अनुशासनात्मक एवं संबद्ध मामले समिति के अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ पार्षद मुकेश कुमार गोयल (वार्ड 015) और उपाध्यक्ष पद के लिए रीना माहेश्वरी (वार्ड 221) ने पर्चा भरा है। मुकेश गोयल ने जिम्मेदारी के लिए भाजपा नेतृत्व का आभार जताया।
वर्क्स कमेटी के अध्यक्ष पद के लिए प्रीति (वार्ड 217) और उपाध्यक्ष पद के लिए धर्मवीर शर्मा (वार्ड 051) ने नामांकन किया। चिकित्सा राहत एवं जन स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष पद के लिए विकेश सेठी (वार्ड 068) तथा उपाध्यक्ष पद के लिए रमेश कुमार गर्ग (वार्ड 204) उम्मीदवार हैं। पर्यावरण प्रबंधन सेवा समिति में संदीप कपूर (वार्ड 211) अध्यक्ष और अनिता (वार्ड 161) उपाध्यक्ष पद की प्रत्याशी हैं।
उद्यान समिति के अध्यक्ष पद के लिए नरेंद्र कुमार सिंह (वार्ड 023) और उपाध्यक्ष पद के लिए वीणा असीजा (वार्ड 065), विधि एवं सामान्य प्रयोजन समिति के अध्यक्ष पद के लिए प्रियंका गौतम (वार्ड 194) और उपाध्यक्ष पद के लिए मोनिका गोयल (वार्ड 048) ने नामांकन किया है। पार्षदों की आचार संहिता समिति के अध्यक्ष पद के लिए नरेंद्र कुमार (वार्ड 119) और उपाध्यक्ष पद के लिए सुमन त्यागी (वार्ड 092) उम्मीदवार हैं।
उच्चाधिकार प्राप्त संपत्ति कर समिति और नगर लेखा समिति के पदेन अध्यक्ष के रूप में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा रहेंगी। संपत्ति कर समिति के उपाध्यक्ष पद के लिए रेनू चौधरी (वार्ड 197) और नगर लेखा समिति के उपाध्यक्ष पद के लिए अनुराधा शर्मा (वार्ड 122) ने नामांकन किया है।
खेल संवर्धन समिति के अध्यक्ष पद के लिए इंद्रजीत सहरावत (वार्ड 133) और उपाध्यक्ष पद के लिए पूनम सैनी (वार्ड 046), आश्वासन समिति के अध्यक्ष पद के लिए कमल भारद्वाज (वार्ड 148) और उपाध्यक्ष पद के लिए सोनी पांडे (वार्ड 249) ने नामांकन किया। हिंदी समिति के अध्यक्ष पद के लिए उप महापौर डॉ. मोनिका पंत और उपाध्यक्ष पद के लिए मनीषा सिंह (वार्ड 233) प्रत्याशी हैं।
तदर्थ समितियों में लाभकारी परियोजना समिति के अध्यक्ष पद के लिए नीलम (वार्ड 214) और उपाध्यक्ष पद के लिए अजय रवि हंस (वार्ड 061), लाइसेंसिंग एवं तहबाजारी समिति के अध्यक्ष पद के लिए रितेश सूजी (वार्ड 224) और उपाध्यक्ष पद के लिए शिखा भारद्वाज (वार्ड 058) ने नामांकन किया है।
सामुदायिक सेवा समिति में सुमन कुमार गुप्ता (वार्ड 074) अध्यक्ष और बॉबी (वार्ड 043) उपाध्यक्ष पद की उम्मीदवार हैं। अनुसूचित जाति उम्मीदवार कोटा कल्याण समिति के अध्यक्ष पद के लिए विकास (वार्ड 073) और उपाध्यक्ष पद के लिए ममता (वार्ड 177) ने पर्चा भरा है।
महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति के अध्यक्ष पद के लिए रेखा रानी (वार्ड 230) और उपाध्यक्ष पद के लिए नीला कुमारी (वार्ड 038), मलेरिया रोधी उपाय समिति के अध्यक्ष पद के लिए नीता बिष्ट (वार्ड 247) और उपाध्यक्ष पद के लिए मंजू देवी (वार्ड 180) तथा शिकायत निवारण समिति के अध्यक्ष पद के लिए रितु गोयल (वार्ड 052) और उपाध्यक्ष पद के लिए राजेश कुमार लाडी (वार्ड 099) ने नामांकन किया है।
बाढ़ नियंत्रण उपाय समिति, नामकरण एवं पुनर्नामकरण समिति, सहायता अनुदान समिति तथा राष्ट्रीय उत्सव एवं मेला समिति में नियमों के तहत महापौर प्रवेश वाही पदेन अध्यक्ष और उप महापौर डॉ. मोनिका पंत पदेन उपाध्यक्ष होंगे।
निगम सचिव कार्यालय के अनुसार, समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव उनकी प्रथम बैठक में होगा। इसके लिए 2 सितंबर को सुबह 10 बजे और 3 सितंबर को सुबह 11 बजे बैठकें आयोजित की जाएंगी। महापौर ने कहा कि समितियों में अनुभव और नए नेतृत्व के बीच संतुलन बनाकर निगम के कामकाज को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है।

