Site icon Times Of Pedia

एमसीडी चुनाव में बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच कांटे की टक्कर

Delhi MCD Election Result : बीजेपी-AAP में कांटे की टक्कर लेकिन वोट शेयर दे रहे कुछ अलग ही संकेत

दिल्ली के पिछले एमसीडी चुनाव के मुकाबले इस बार आम आदमी पार्टी का वोटशेयर जबरदस्त ढंग से बंटा है। चुनाव आयोग के लेटेस्ट आंकड़ों के मुताबिक इस बार आप का वोटशेयर 42 प्रतिशत पहुंच गया है जो पिछली बार 26 प्रतिशत था। बीजेपी और कांग्रेस दोनों के ही वोटशेयर में गिरावट आई है।

नई दिल्ली : एमसीडी चुनाव में बीजेपी को आम आदमी पार्टी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। सभी 250 वॉर्डों के रुझान मिल गए हैं। चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 10 बजे तक बीजेपी 109 और आम आदमी पार्टी 105 वॉर्ड पर आगे चल रही है। कांग्रेस 7 सीटों पर आगे चल रही थी। चुनाव में क्या मुद्दे चले, इतनी कांटे की टक्कर क्यों देखने को मिली इसे सीटों के रुझान से कहीं ज्यादा वोटशेयर के आंकड़ों से समझ सकते हैं। आम आदमी पार्टी का वोटशेयर पिछले चुनाव के मुकाबले जबरदस्त ढंग से बढ़ा है लेकिन बीजेपी का भी वोटशेयर बढ़ा है। आइए चुनाव नतीजों को वोटशेयर के आईने में समझने की कोशिश करते हैं।

क्या कहते हैं वोटशेयर के आंकड़े

दिल्ली एमसीडी इलेक्शन के नतीजों पर सिर्फ दिल्ली नहीं बल्कि देशभर की निगाहें हैं। तभी तो दिल्ली स्टेट इलेक्शन कमिशन की आधिकारिक साइट और आधिकारिक ऐप जबरदस्त ट्रैफिक को झेल नहीं पाए और बार-बार क्रैश हो रहे हैं। वोटशेयर पर नजर डालें तो आम आदमी पार्टी का वोटशेयर करीब 43 प्रतिशत है जो पिछली बार के मुकाबले 17 प्रतिशत ज्यादा है। बीजेपी का वोट शेयर 39 प्रतिशत दिख रहा जो पिछली बार के मुकाबले 3 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं, कांग्रेस की बात करें तो उसका वोटशेयर 12.5 प्रतिशत है जो पिछले चुनाव के मुकाबले करीब 9 प्रतिशत कम है।

कांग्रेस का वोटशेयर और घटा

कांग्रेस की न सिर्फ सीटें घटती दिख रही हैं बल्कि उसका वोटशेयर भी लुढ़का है। उसके वोट शेयर में 9 प्रतिशत की जबरदस्त कमी दिख रही है। इसका सीधा फायदा आम आदमी पार्टी को मिला है। वहीं बीजेपी अपना पिछला वोट बेस न सिर्फ बचाने में कामयाब दिख रही है बल्कि उसमें इजाफा भी दिख रहा है। कांग्रेस के कमजोर होने का सीधा फायदा आम आदमी पार्टी को मिलता दिख रहा है।

पिछले चुनाव में किसका कितना वोटशेयर

2017 में एमसीडी तीन हिस्सों में बंटी थी। कुल वॉर्ड 272 थे। इनमें से बीजेपी ने 181, आम आदमी पार्टी ने 49 और कांग्रेस ने 31 सीटों पर जीत हासिल की थी। अगर वोटशेयर की बात करें तो बीजेपी को 36 प्रतिशत, आप को 26 प्रतिशत और कांग्रेस को 21 प्रतिशत वोट मिले थे।

 

Exit mobile version