Site icon TIMES OF PEDIA

बाबा के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, 642वें भादवा मेले का शुभारंभ

massive-surge-faith-ramdevra

massive-surge-faith-ramdevra

जैसलमेर, 13 सितंबर । भादवा शुक्ल पक्ष की दूज पर रविवार को बाबा रामदेव की नगरी रामदेवरा श्रद्धा, भक्ति और आस्था के रंग में रंग गई। तड़के तीन बजे ब्रह्ममुहूर्त में बाबा रामदेव की समाधि पर मंगला आरती के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हुआ। इसके बाद सुबह 8 बजे बाबा की समाधि पर स्वर्ण मुकुट धारण कराया गया और 642वें भादवा मेले का विधिवत आगाज हुआ। बाबा के दर्शन के लिए राजस्थान ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

मंदिर परिसर से लेकर रामदेवरा की सड़कों तक भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

रविवार सुबह समाधि परिसर में अभिषेक और पूजा-अर्चना के दौरान बाबा रामदेव के प्रति श्रद्धालुओं ने श्रद्धा व्यक्त की। रामदेवरा गादीपति राव भोमसिंह तंवर, जैसलमेर कलेक्टर अनुपमा जोरवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, मेलाधिकारी एवं पोकरण उपखंड अधिकारी हीरसिंह चारण, रामदेवरा प्रशासक समंदर सिंह तथा पोकरण तहसीलदार प्रीतम सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

धार्मिक मान्यता के अनुसार भादवा शुक्ल पक्ष की दूज से मेले की शुरुआत मानी जाती है। हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर मेले की तैयारियां 29 अगस्त से ही शुरू कर दी गई थीं। 26 सितंबर तक चलने वाले इस आस्था के महापर्व में करीब 50 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

बाबा रामदेव के दर्शन के लिए राजस्थान के अलावा गुजरात, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, असम, बंगाल सहित अन्य राज्यों से श्रद्धालु रामदेवरा पहुंच रहे हैं। कोई पैदल यात्रा कर बाबा के दरबार में हाजिरी लगा रहा है, तो कोई हाथों में ध्वजा लेकर पहुंच रहा है। श्रद्धालु कपड़े से बने घोड़े कंधों पर उठाकर बाबा को अर्पित कर रहे हैं। इन धार्मिक परंपराओं के बीच रामदेवरा में भक्ति और लोक आस्था का अनूठा संगम दिखाई दे रहा है।

मेले के पहले दिन करीब 5 लाख श्रद्धालुओं के दर्शन करने का अनुमान है। भादवा महीने में अब तक 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन करने की जानकारी दी गई है।

मंदिर समिति के व्यवस्थापक कमल छंगाणी ने बताया कि श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के लिए मंदिर में 150 पुजारियों की तीन पालियों में ड्यूटी लगाई गई है। मंदिर में प्रतिदिन सुबह 3 बजे अभिषेक आरती, सुबह 6 बजे छोटी आरती, सुबह 8 बजे भोग आरती, शाम 7.30 बजे बड़ी आरती और रात 9 बजे मंगल आरती की जाती है।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कतार व्यवस्था को व्यवस्थित किया गया है।

मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रखने की व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु बाबा की समाधि के दर्शन कर सकें।

मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के अनुसार मंदिर परिसर में समिति की ओर से 220 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि प्रशासन की ओर से 400 कैमरों से निगरानी की जा रही है। कुल करीब 620 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से रामदेवरा की मुख्य सड़कों, चौराहों और दर्शन कतारों पर नजर रखी जा रही है।

मेले में 1800 पुलिसकर्मी, 200 होमगार्ड तथा समिति की ओर से 150 निजी सुरक्षाकर्मी और 150 अतिरिक्त होमगार्ड तैनात किए गए हैं। सादा वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस और प्रशासन की निगरानी के लिए वीआईपी रोड तथा मंदिर परिसर में दो नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं।

जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने बताया कि मेले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। चिकित्सा, पेयजल, बिजली, सफाई, यातायात और पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

रामसरोवर तालाब पर मोटरबोट के साथ एसडीआरएफ की टीम तैनात की गई है। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 7 सूचना केंद्र बनाए गए हैं, जहां 50 शिक्षक ड्यूटी दे रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से मेले में बिछड़ने वाले लोगों को उनके परिवार से मिलाने का कार्य किया जा रहा है।

बाबा रामदेव की भक्ति के साथ सेवा का भाव भी मेले में देखने को मिल रहा है।

हरियाणा के फतेहाबाद से करीब 400 सेवादार रामदेवरा पहुंचे हैं। ये सेवादार कस्बे की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से कचरा उठाकर सफाई व्यवस्था में सहयोग कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच स्वच्छता का संदेश देते हुए सेवादार सेवा कार्य में जुटे हैं।

मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और वाहनों की सुविधा के लिए रामदेवरा में 9 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग व्यवस्था के लिए 72 लाख 75 हजार रुपए का ठेका बाड़मेर निवासी सुनील चौधरी के नाम हुआ है। निर्धारित शुल्क के अनुसार बाइक, स्कूटी और थ्री व्हीलर टैक्सी से 30 रुपए, जीप, कार और ट्रैक्टर से 120 रुपए, मिनी बस तथा 21 सीट से बड़े वाहनों से 130 रुपए और ट्रक एवं बड़ी बसों से 200 रुपए पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है।

बाबा रामदेव के दरबार में आस्था का यह महापर्व 26 सितंबर तक चलेगा। देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के जयकारों और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच रामदेवरा में भक्ति की धारा निरंतर बह रही है।

Exit mobile version