मसूरी, 29 सितंबर । मसूरी के एमपीजी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में मंगलवार को मतगणना के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने अध्यक्ष, महासचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के वेदांत थापली ने 185 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के विकास सिंह को 48 और मसूरी छात्र संगठन के मनन शाही को 36 मत मिले।
महासचिव पद पर एबीवीपी के आशुतोष जोशी 160 मत प्राप्त कर विजयी रहे। अंकित रौछैला को 70 और प्रियंशु कंडारी को 42 मत मिले। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एबीवीपी की करिश्मा डुमोगा ने 212 मत प्राप्त किए, जबकि संध्या को 54 मत मिले।
कॉलेज में कुल 366 मतदाता थे, जिनमें से 274 ने मतदान किया। इस तरह 74.9 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह नौ बजे शुरू हुआ मतदान दोपहर 1:30 बजे तक चला, जबकि मतगणना दोपहर तीन बजे शुरू हुई। चुनाव को लेकर कॉलेज परिसर में सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रही।
उपाध्यक्ष पद पर गौरव सिंह गुसाईं, सहसचिव पद पर ईशा और कोषाध्यक्ष पद पर सलोनी का निर्विरोध निर्वाचन पहले ही हो चुका था।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान नामांकन पत्रों की जांच को लेकर छात्र संगठनों के बीच गतिरोध भी हुआ था। विरोध और बातचीत के बाद चुनाव प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ी। मतदान से लेकर मतगणना तक की प्रक्रिया की निगरानी कॉलेज के पूर्व शिक्षक एवं लेखक गणेश शैली ने पर्यवेक्षक के रूप में की।
परिणाम घोषित होने के बाद कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुनील पवार और चुनाव अधिकारी डॉ. अमिताभ भट्ट ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कॉलेज के विकास, छात्र हितों, बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं, रोजगारपरक शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं में सुधार को प्राथमिकता देने की बात कही।

