जोधपुर, 28 नवम्बर । भारत के अग्रणीय सांस्कृतिक संस्थान मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए दिए जाने वाले मारवाड़ रत्न सम्मान 2027 के लिए आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर है।
मेहरानगढ़ म्यूजिय़म ट्रस्ट के मुख्य प्रबंध न्यासी पूर्व नरेश गजसिंह के निर्देशानुसार मारवाड़ रत्न अवार्ड स्क्रीनिंग कमेटी के संयोजक ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष जोधपुर के स्थापना दिवस 12 मई के अवसर पर विभिन्न प्रतिभाओं को मारवाड़ के सर्वोच्च ‘मारवाड़ रतन सम्मान’ से सम्मानित किया जाता है। यह पुरस्कार राष्ट्रीय, अन्तर्राष्ट्रीय व क्षेत्रीय स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं के साथ ही समाज सेवा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, बहादुरी, लोक साहित्य, संरक्षण व जीर्णोद्धार, लोक संगीत, शिक्षा और साहित्य, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा, क्षेत्रीय संस्कृति, विरासत के संरक्षण व संवद्र्धन, खेल, पत्रकारिता, असाधारण बहादुरी व कार्य, राजस्थानी भाषा व काव्य साहित्य एवं राजस्थानी गद्य साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान करने वाली प्रतिभाओं को विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया जाता है।
इस वर्ष 18 क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिसके तहत दो अन्तर्राष्ट्रीय पुरस्कार, पांच राष्ट्रीय पुरस्कार व ग्यारह क्षेत्रीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रत्येक क्षेत्र में आवेदक के लिए आवश्यक है कि वह अपनी पत्रावलियां क्षेत्र विशेष के दो विशेषज्ञों की अनुशंषा के साथ करावें।
स्व-अनुशंषा किए हुए प्रार्थनापत्र ,आवेदन पत्र पर किसी प्रकार का कोई विचार नहीं किया जाएगा। आवेदन पत्र भिजवाने की अन्तिम तिथि 31 दिसम्बर है। आवेदनकर्ता अपना आवेदन पोस्ट द्वारा या व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर भी भिजवा सकता है। आवेदन पोस्ट द्वारा संयोजक, मारवाड़ रतन अवार्ड स्क्रीनिंग कमेटी, महरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट, पोस्ट बॉक्स नम्बर 165, दुर्ग, जोधपुर (राज.) पर अथवा ई-मेलपर भी भेज सकते है। पुरस्कार के तहत शॉल, श्रीफल, पुरस्कार राशि व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। उपरोक्त सभी पुरस्कार 12 मई 2027 को जोधपुर के स्थापना दिवस पर प्रदान किए जाएंगे।
अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर मारवाड़ के लिए स्थायी महत्व की उत्कृष्ट व दीर्घकालीन सेवाओं के लिए राव सीहा सम्मान, अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर किसी भी विदेशी मूल के नागरिक द्वारा मारवाड़ के लिए स्थायी महत्व की सेवाओं के लिए महाराज सर प्रतापसिंह सम्मान, समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय एवं दीर्घकालीन उच्च स्तरीय सेवाओं के लिए राव जोधाजी सम्मान, विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए महाराजा हनवन्तसिंह सम्मान, नागरिक अथवा रक्षाकर्मियों के लिए असाधारण बहादुरी के क्षेत्र में मेजर दलपतसिंह (एमसी) सम्मान, राजस्थान के लोक साहित्य एवं वाद्य यंत्रों के उन्नयन के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए कोमल कोठारी सम्मान, संरक्षण, जीर्णोद्धार, संग्रहालय विज्ञान, डिजाइन और पारम्परिक कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए करणीसिंह जसोल सम्मान, राजस्थानी लोक संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए महाराजा विजयसिंह सम्मान, शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए महाराजा मानसिंह सम्मान, मानव निर्मित या प्राकृतिक विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में स्थायी महत्व की दीर्घकालीन उच्च स्तरीय सेवाओं एवं योगदान के लिए महाराजा उम्मेदसिंह सम्मान, महिला सशक्तिकरण की दिशा में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए बदन कंवर भटियाणी सम्मान, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय योगदान के लिए एच.एच. राजमाता कृष्णा कुमारी सम्मान, क्षेत्रीय संस्कृति और विरासत के संरक्षण एवं संवद्र्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए महाराजा गजसिंह द्वितीय सम्मान, खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए चिरंजीव युवराज शिवराजसिंह सम्मान, पत्रकारिता प्रकाशित, इलेक्ट्रोनिक्स, साइबर के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नैणसी सम्मान, अपने सामथ्र्य से बाहर जाकर असाधारण कार्य करने के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राजाराम मेघवाल सम्मान,राजस्थानी गद्य साहित्य को बढ़ावा देने के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री सीताराम लालस सम्मान और राजस्थानी भाषा और काव्य साहित्य के उन्नयन को बढ़ावा देने के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. नारायणसिंह भाटी मालूंगा सम्मान प्रदान किया जाएगा।

