Site icon TIMES OF PEDIA

घर में घुसे तेंदुए ने सो रही महिला पर किया हमला, गंभीर हालत में सीएचसी से रेफर

leopard-attacks-person-injured

leopard-attacks-person-injured

बहराइच, 07 अगस्त । उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग की सुजौली रेंज के धनियाबेली गांव में गुरूवार देर रात एक तेंदुआ घर में घुस आया और सो रही महिला पर हमला कर दिया। हमले में 26 वर्षीय लाली देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

परिवार के अनुसार, लाली देवी रात में अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान तेंदुआ घर में घुस आया और उन पर हमला कर दिया। महिला ने अपनी जान बचाने के लिए काफी देर तक संघर्ष किया। शोर सुनकर परिजन जाग गए और हांका लगाकर किसी तरह तेंदुए को वहां से भगा दिया।

घटना की सूचना मिलते ही वन दरोगा अनिल पटेल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों की मदद से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सीएचसी मोतीपुर से रेफर कर दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से रात के समय सतर्क रहने और अकेले बाहर न निकलने की अपील की है। वहीं, वन दरोगा अनिल पटेल ने घायल महिला के परिवार को तत्काल राहत के रूप में तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।

Exit mobile version