Site icon TIMES OF PEDIA

157 घंटे के महा सफाई अभियान का शुभारंभ, शहर को स्वच्छ बनाने पर जोर

launch-mega-cleanliness-drive

launch-mega-cleanliness-drive

गोरखपुर, 25 सितंबर । स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत नगर निगम गोरखपुर द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से 157 घंटे के महा सफाई अभियान का शुभारंभ किया गया। महापौर डॉ. मंगलेंश श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर विशेष महा सफाई अभियान की शुरुआत की।

नगर आयुक्त अजय जैन ने बताया कि 157 घंटे का यह विशेष अभियान नगर निगम के सभी वार्डों एवं चिन्हित स्थलों पर व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, बाजारों, चौराहों, नालियों तथा अन्य चिन्हित स्थानों पर विशेष सफाई कर स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल चिन्हित स्थानों की सफाई करना नहीं है, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना भी है। नगर निगम की सफाई टीमों एवं संबंधित अधिकारियों को अभियान के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पूरी तत्परता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर आयुक्त ने कहा कि अभियान के दौरान सभी वार्डों में सफाई कार्यों की निरंतर निगरानी और प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों एवं सफाई टीमों को चिन्हित स्थलों की समुचित सफाई सुनिश्चित करने तथा अभियान की प्रगति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

157 घंटे का यह महा सफाई अभियान स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों के सक्रिय सहयोग से गोरखपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर के रूप में और अधिक सशक्त बनाना है।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, सहायक नगर आयुक्त अविनाश सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं सफाई व्यवस्था से जुड़े कार्मिक मौजूद रहे।

Exit mobile version