Site icon TIMES OF PEDIA

नाले में मिला देर रात से लापता मजदूर का शव

laborers-body-found-drain

laborers-body-found-drain

कानपुर, 20 अक्टूबर । बिठूर थाना क्षेत्र के मक्सूदाबाद गांव में मंगलवार को देशी शराब ठेके के पीछे नाले में एक मजदूर का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने पर पुलिस जांच कर रही है।

मृतक की पहचान सचेण्डी के भौती निवासी संतोष राजपूत (40) के रूप में हुई। वह ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। परिजनों के मुताबिक, संतोष सोमवार देर रात शराब पीने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। देर रात तक उसके घर न पहुंचने पर परिवार के लोग चिंतित थे।

आज मक्सूदाबाद गांव में शराब ठेके के पीछे नाले में शव पड़ा होने की जानकारी ग्रामीणों ने फोन से परिजनों को दी। संतोष के चचेरे भाई हीरा मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। हीरा भी भौती में रहते हैं और ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।

बिठूर थाना प्रभारी अशोक सरोज ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से नाले में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version