नूंह, 04 सितंबर । संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की कलश वंदन यात्रा शुक्रवार को इंडरी गांव में पूरे हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ निकाली गई। यात्रा का आयोजन भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रमेश चंद्र इंडरी के नेतृत्व में किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लेकर संत रविदास जी के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
कार्यक्रम में हरियाणा भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अजय खुंडिया मुख्य रूप से शामिल हुए। इसके अलावा भाजपा जिला अध्यक्ष नूंह सुरेंद्र सिंह पिंटू, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष वीरपाल कालियाका, भाजपा जिला महामंत्री रमेश मनुवास, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश तंवर, जिला उपाध्यक्ष हरबीर सिंह, आसू पहलवान सहित अनेक गणमान्य लोग यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी के जयकारे लगाए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने संत रविदास जी के जीवन एवं उनके विचारों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुटता और सद्भाव की प्रेरणा देते हैं। आयोजक रमेश चंद्र इंडरी ने यात्रा में शामिल सभी अतिथियों, ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

