Site icon TIMES OF PEDIA

जयपुर के विकास को मिलेगी नई गति, पीडब्ल्यूसी बैठक में लगभग 109 करोड़ के विकास कार्यों को मिली मंजूरी

jaipur-development-speed

jaipur-development-speed

जयपुर, 17 अगस्त । जेडीसी सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में सोमवार को मंथन सभागार में पीडब्ल्यूसी की 9वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में जयपुर शहर एवं जेडीए क्षेत्र में यातायात व्यवस्था, सड़क आधारभूत ढांचे, पैदल यात्रियों की सुविधाओं, सौंदर्यीकरण तथा पर्यावरणीय विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों पर चर्चा के बाद प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की गईं।

जयपुर शहर में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए राजमहल पैलेस पर सर्विस रोड, ड्रेनेज एवं अन्य संबद्ध कार्यों सहित 4 लेन अंडरपास के निर्माण के लिए 45.76 करोड़ ,जोन-ए क्षेत्र में प्रमुख मार्गों पर फुटपाथ के निर्माण, विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य के लिए 2.81 करोड़, जोन-10 के जयसिंहपुरा खोर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर सड़क मरम्मत कार्य एवं भादाड़े पुलिया के लिए 3.67 करोड़ , जोन-सी2 क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर सड़कों के नवीनीकरण एवं निर्माण कार्यों के लिए 4.24 करोड़ रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।

जोन-09 स्थित महल रोड पर पैदल यात्रियों के लिए अंडरपास के डिजाइन एवं ड्रॉइंग को भी पीडब्ल्यूसी द्वारा मंजूरी प्रदान की गई। इससे महल रोड पर पैदल यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही के लिए सुविधा सुलभ करने की दिशा में आगे की कार्रवाई का मार्ग प्रशस्त होगा।

जोन-09 में विभिन्न कॉरिडोर पर स्ट्रीटस्केप डेवलपमेंट कार्यों के लिए 12.61 करोड़ रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। इन कार्यों से प्रमुख मार्गों के स्वरूप, पैदल यात्री सुविधाओं एवं सार्वजनिक स्थानों के विकास को मजबूती मिलेगी।

पर्यावरणीय एवं ऊर्जा दक्षता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए द्रव्यवती नदी पर जेडीए के 6 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (एसटीपी) एवं 2 गार्डन के सोलराइजेशन के कार्य के लिए 39.98 करोड़ रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। इससे एसटीपी एवं संबंधित सुविधाओं में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।

पीडब्ल्यूसी बैठक में स्वीकृत इन कार्यों से जयपुर की यातायात व्यवस्था, सड़क आधारभूत ढांचे, पैदल यात्री सुविधाओं, शहर के सौंदर्यीकरण तथा पर्यावरणीय एवं ऊर्जा दक्षता से जुड़े विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

बैठक में सचिव डॉ. गौरव सैनी, निदेशक योजना मृणाल जोशी, निदेशक वित्त सुरेश वर्मा, निदेशक अभियांत्रिकी अजय गर्ग एवं संजीव जैन, अतिरिक्त मुख्य अभियंता संजय पूनिया सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

भूमि एवं संपत्ति निस्तारण समिति की बैठक

जेडीसी सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में सोमवार को मंथन सभागार में भूमि एवं संपत्ति निस्तारण समिति की 230वीं बैठक आयोजित हुई।

बैठक में बजट घोषणा वर्ष 2023-2024 के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, जमवारामगढ़ क्रमोन्नत राजकीय उप जिला चिकित्सालय, जमवारामगढ़ को नवीन भवन निर्माण के लिए खसरा संख्या 370, 379, 487, में ज.वि.प्रा. की पूर्व अनुमोदित जमवारामगढ़ फार्म हाउस योजना में स्थित रिसोर्ट प्रयोजनार्थ भूखण्ड में से क्षेत्रफल 14977.00 व.मी. के आवंटन करने का निर्णय लिया गया।

Exit mobile version