Site icon TIMES OF PEDIA

नूंह जिले में 2,199.63 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद

information-was-obtained-about

information-was-obtained-about

नूंह, 15 अक्टूबर । हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने गुरुवार को चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों में खरीफ सीजन की फसलों की खरीद व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में प्रशासकीय सचिव पीसी मीणा और नूंह के उपायुक्त अखिल पिलानी ने जिले में बाजरे की खरीद, मंडियों में किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा फसल उठान सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उपायुक्त के अनुसार, नूंह जिले में अब तक 2,199.63 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद की जा चुकी है। यह खरीद निजी खरीद एजेंसी के माध्यम से हुई है।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने मुख्य सचिव को बताया कि जिले की मंडियों और खरीद केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, जल निकासी, शौचालय, सहायता केंद्र, अटल कैंटीन और साफ-सफाई सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किसानों के बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की व्यवस्था की गई है। इसके लिए बायोमेट्रिक मशीनों और आइरिस स्कैनर की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। वहीं, मंडियों के प्रवेश और निकास द्वारों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

उपायुक्त ने बताया कि मंडियों में अनाज को बारिश से बचाने के लिए पॉलीथिन कवर और लकड़ी की पेटियों सहित आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। मंडियों में स्वच्छता बनाए रखने और किसानों को खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

खरीफ फसलों की खरीद के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों से दूसरे राज्यों के धान, बाजरे और अन्य फसलों की अनधिकृत आवक रोकने के विषय पर भी समीक्षा की गई। उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि इस संबंध में आवश्यक आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। सीमावर्ती नाकों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने तथा खरीद व्यवस्था पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, एसडीएम पुनहाना अमित गुलिया, एसडीएम नूंह कंवर आदित्य विक्रम, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) सीमा शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version