Site icon TIMES OF PEDIA

मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं बदलते तो तीसरी बार नहीं बनती सरकार : रामकुमार गौतम

hr-bjp-mla-ramkumar-gautam-still-feels-sting-

hr-bjp-mla-ramkumar-gautam-still-feels-sting-

चंडीगढ़, 28 अक्टूबर । हरियाणा की राजनीति में अलग पहचान रखने वाले सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम को मंत्री पद नहीं मिलने की आज भी टीस है। वह लगातार दूसरी बार विधायक बने हैं। अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले रामकुमार गौतम ने अपनी ही सरकार व पूर्व मुख्यमंत्री को घेरा है।

बुधवार को चंडीगढ़ स्थित एमएलए हास्टल में मीडिया से बात करते हुए रामकुमार गौतम ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं बदला जाता तो हरियाणा में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार नहीं बन पाती। गौतम ने कहा कि मनोहर लाल के शासन में कानून का राज स्थापित हुआ। उन्होंने अच्छा काम किया, लेकिन लंबे कार्यकाल के कारण सत्ता विरोधी लहर पैदा हो गई थी। उन्होंने मनोहर लाल को सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की सलाह भी दी थी। गौतम ने कहा कि केवल योग्यता के आधार पर नौकरियां देने से भाजपा के कई कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बच्चे रोजगार से वंचित रह गए।

गौतम ने कहा कि भाजपा की जीत में उनका भी योगदान रहा है। नरवाना, सफीदों और उचाना सहित कई सीटों पर पार्टी को जीत दिलाने में उनकी भूमिका रही। लगातार दूसरी बार विधायक बनने के बावजूद मंत्री पद नहीं मिलने की कसक भी उनके बयान में दिखी। उन्होंने कहा कि किसे कौन-सा पद देना है, यह सरकार को तय करना होता है।

उल्लेखनीय है कि मार्च, 2024 में मनोहर लाल की जगह नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद अक्टूबर 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 48 सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार सरकार बनाई थी।

Exit mobile version