जयपुर, 16 अक्टूबर । राजस्थान हाउसिंग बोर्ड प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों-जयपुर, भिवाड़ी और अजमेर के किशनगढ़ में शनिवार को नई आवासीय योजनाएं लॉन्च करेगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इन योजनाओं को लॉन्च करेंगे, जिनमें मध्यम और उच्च आय वर्ग के लिए 41 लाख से लेकर 1 करोड़ रुपए से अधिक कीमत के फ्लैट और मकान उपलब्ध होंगे। आवेदन प्रक्रिया 17 अक्टूबर से 16 नवंबर तक चलेगी। इसके साथ ही जयपुर के इंदिरा गांधी नगर में पत्रकारों के लिए भी 144 फ्लैट की योजना लाई जा रही है।
अजमेर के पास किशनगढ़ में हाउसिंग बोर्ड एमआईजी ए वर्ग के 26 मकान (120 वर्ग मीटर), एमआईजी बी वर्ग के 40 (162 वर्ग मीटर) और एचआईजी के 24 स्वतंत्र मकान (210 वर्ग मीटर) बनाए जाएंगे। इन मकानों की अनुमानित लागत करीब 41 लाख, 55 लाख और 69 लाख रुपए होगी।
किशनगढ़ के खोड़ा गणेश रोड पर फेज-4 की स्कीम में 45 फीसदी मकान कैश और 55 फीसदी मकान किश्तों पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। इन योजनाओं में आवेदन के लिए रजिस्ट्रेशन फीस एमआईजी ए के लिए 54,034 रुपए, एमआईजी बी के लिए 86,124, एचआईजी के लिए 1,28,714 तय की गई है।
जयपुर के प्रताप नगर सेक्टर 28 में 146 मल्टी स्टोरी फ्लैट की योजनाएं लॉन्च की जाएगी। 14 मंजिला इन फ्लैटों की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 5 लाख रुपए और 74 लाख रुपए रखी गई है। ये सभी फ्लैट सेल्फ फाइनेंस स्कीम (SFS) के तहत बनाए जाएंगे, जिसमें आवंटी से 2 से ढाई साल में किश्तों में पूरा पैसा लिया जाएगा।
राजस्थान के अधिस्वीकृत पत्रकारों के लिए भी सरकार विशेष योजना लॉन्च करेगी। जगतपुरा के पास इंदिरा गांधी नगर सेक्टर 9 में प्रस्तावित इस योजना में एमआईजी बी वर्ग के 9 मंजिला 144 फ्लैट बनाए जाएंगे, जिनका सुपर बिल्टअप एरिया 1664 वर्गफुट का होगा। 3 बीएचके के इन फ्लैट की अनुमानित लागत 68 लाख रुपये रखी है। इस योजना में रजिस्ट्रेशन के समय 7 लाख 14 हजार 129 जमा करवाने होंगे। योजना में फ्लैट का आवंटन 45 फीसदी कैश और 55 फीसदी किस्ताें पर किया जाएगा।

