Site icon TIMES OF PEDIA

गुरुग्राम: गांव विकास की अंतिम कड़ी नहीं, बल्कि विकास का केंद्र: नायब सिंह सैनी

gurugram-cm-nayab-university

gurugram-cm-nayab-university

गुरुग्राम, 23 नवंबर । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकसित भारत-2047 की परिकल्पना तभी साकार होगी, जब देश का हर गांव और शहर का हर वार्ड आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनेगा। पंचायतों और नगर निकायों को केवल सरकारी बजट पर निर्भर रहने के बजाय अपनी आय के नए स्रोत विकसित करने होंगे। इसके लिए स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग, वित्तीय प्रबंधन और जनभागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री सोमवार को सेक्टर-51 स्थित गुरुग्राम विश्वविद्यालय में स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान (एसजेएचआईएफएम) की ओर से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। पंचायतों एवं नगर निकायों को अधिकारों का हस्तांतरण, वित्तीय स्थिरता तथा प्रभावी सेवा वितरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आयोजित इस सम्मेलन में केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन तथा शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान (एसजेएचआईएफएम) महानिदेशक डॉ. राज नेहरू भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कहा कि स्थानीय सरकारों को अधिकार, क्षमता और अपने वित्तीय संसाधनों के आधार पर आत्मनिर्भर बनाना ही इस राष्ट्रीय सम्मेलन का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्तमान आवश्यकताओं से जोडऩे का काम किया है। गांव विकास की अंतिम कड़ी नहीं, बल्कि विकास का केंद्र है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा की प्राथमिकताएं ही पंचायतों की कार्ययोजना का आधार बननी चाहिए। सरपंच और पार्षद लोकतंत्र की जमीनी ताकत हैं, क्योंकि वे सीधे जनता से जुड़े होते हैं।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा में वर्ष 2014 से पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए किए गए सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2015 में पढ़ी-लिखी पंचायतों की व्यवस्था लागू की गई और वर्ष 2020 में पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। इसी प्रकार लाल डोरा मुक्त अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को उनकी संपत्तियों का मालिकाना हक दिलाया गया, जिसे बाद में केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के रूप में पूरे देश में लागू किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में किए गए सुधारों का उद्देश्य पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाना और ग्रामीणों को उनके अधिकारों से जोडऩा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायतों और नगर निकायों की आय बढ़ाने के लिए जल संरक्षण, पानी के बिलों की वसूली तथा स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग जैसे विषयों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। हरियाणा सरकार ने गांवों में पानी के बिल के रूप में जितनी राशि एकत्रित की जाएगी, उतनी ही मैचिंग ग्रांट देने का निर्णय लिया है, ताकि पंचायतों की आमदनी बढ़ सके।

Exit mobile version