Site icon TIMES OF PEDIA

प्रशासन की वास्तविक परीक्षा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में होती है : राज्यपाल

governor-ias-trainees-lbsnaa

governor-ias-trainees-lbsnaa

मसूरी, 20 अगस्त । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए), मसूरी में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अधिकारी प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं राष्ट्रसेवा को समर्पित सेवाकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अकादमी में प्रशिक्षण का एक अध्याय पूरा हुआ है, लेकिन राष्ट्रसेवा की वास्तविक और महत्वपूर्ण यात्रा अब शुरू हो रही है।

राज्यपाल ने कहा कि प्रशासन की वास्तविक परीक्षा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में होती है, जब समय सीमित हो, जानकारी अधूरी हो और निर्णय का प्रभाव व्यापक हो। ऐसी परिस्थितियों में नियम मार्गदर्शन करते हैं और अनुभव सहायता करता है, लेकिन सही निर्णय के लिए विवेक, निष्पक्षता और दूरदृष्टि आवश्यक होती है।

उन्होंने कहा कि भारत आज परिवर्तन के महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए अधिकारियों को नीतियों के साथ-साथ जमीनी वास्तविकताओं और नागरिकों की आकांक्षाओं को भी समझना होगा। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि भारत को केवल आंकड़ों में नहीं, बल्कि गांवों, कस्बों, शहरों और सामान्य नागरिक के जीवन में देखें।

राज्यपाल ने कहा कि फाइलें तथ्य उपलब्ध कराती हैं, लेकिन फील्ड वास्तविकता से परिचित कराता है। अधिकारियों को लोगों के बीच जाकर उनकी बात सुननी और उनकी कठिनाइयों को समझना चाहिए। प्रशासन का पहला धर्म जनता की बात सुनना और उसके विश्वास को बनाए रखना है।

उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डेटा साइंस और नई तकनीक प्रशासन की कार्यक्षमता और निर्णय क्षमता को नई शक्ति प्रदान कर रही हैं। अधिकारियों को इन तकनीकों को सीखने, अपनाने और स्वयं को निरंतर अद्यतन रखने की जरूरत है।

राज्यपाल ने कहा कि अधिकारी अपने सेवाकाल में अनेक अवसरों और चुनौतियों का सामना करेंगे। हर परिस्थिति में राष्ट्र को सर्वोपरि रखने का भाव उनके भीतर जीवित रहना चाहिए। यही भावना उन्हें पद से ऊपर उठाकर सच्चा राष्ट्रसेवक बनाएगी।

उन्होंने कहा कि एलबीएसएनएए से निकलते समय अधिकारी प्रशिक्षु केवल सक्षम प्रशासक ही नहीं, बल्कि ऐसे राष्ट्रसेवक बनें जिनकी कार्यशैली में पारदर्शिता, व्यवहार में संवेदना, निर्णयों में दृढ़ता और हृदय में सदैव ‘राष्ट्र प्रथम’ का भाव हो।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, एलबीएसएनएए के निदेशक डॉ. बी. राजेंदर और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version