Site icon TIMES OF PEDIA

गुलज़ार देहलवी की जन्मशती पर यूनानी मेडिकल कैंप आयोजित

पंडित आनंद मोहन ज़ुत्शी गुलज़ार देहलवी की जन्मशती पर 154वाँ निःशुल्क यूनानी मेडिकल कैंप आयोजित

हज़रत शेख अलीमुद्दीन असदी के संरक्षण में सैकड़ों मरीजों की जाँच, मुफ़्त दवाइयों का वितरण; गुलज़ार देहलवी की उर्दू सेवाओं को श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 8 जुलाई 2026: ऑल इंडिया यूनानी तिब्बी कांग्रेस (AIUTC) दिल्ली तथा पंडित गुलज़ार देहलवी की जन्मशती समारोह समिति के संयुक्त तत्वावधान में 154वाँ निःशुल्क यूनानी मेडिकल कैंप बारात घर, बारहदरी, बल्लीमारान, दिल्ली में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर हज़रत शेख अलीमुद्दीन असदी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने पूरे आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया और सभी व्यवस्थाओं की देखरेख करते हुए इस जनसेवा कार्यक्रम का नेतृत्व किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने पंडित आनंद मोहन ज़तशी गुलज़ार देहलवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे उर्दू भाषा के महान शायर, साहित्यकार और विद्वान थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन उर्दू भाषा, उर्दू तहज़ीब और साहित्यिक विरासत के संरक्षण एवं विकास के लिए समर्पित कर दिया।

पंडित गुलज़ार देहलवी ने सांप्रदायिक सौहार्द, राष्ट्रीय एकता तथा उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान दिया, जिसे सदैव याद रखा जाएगा। इस अवसर पर उनके जीवन और साहित्यिक सेवाओं पर आधारित एक संक्षिप्त पुस्तिका भी जारी की गई।

मेडिकल कैंप में बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं और बुज़ुर्गों ने भाग लिया तथा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकत्सीय परामर्श और यूनानी दवाइयों का लाभ उठाया।

ऑल इंडिया यूनानी तिब्बी कांग्रेस के राष्ट्रीय महा सचिव डॉ. सैयद अहमद खान ने अपने संबोधन में कहा कि यूनानी चिकित्सा पद्धति केवल इलाज का माध्यम नहीं, बल्कि मानव सेवा का एक प्रभावी साधन है। उन्होंने कहा कि ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर गरीब, कमज़ोर और ज़रूरतमंद लोगों तक बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

डॉ सैयद ख़ान ने विश्वास व्यक्त किया कि ऑल इंडिया यूनानी तिब्बी कांग्रेस भविष्य में भी इस प्रकार के जनसेवा कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करती रहेगी।

कैंप में पूर्व उपनिदेशक (सीसीआरयूएम) डॉ. ज़कीउद्दीन, डॉ. नज्मुस्सहर, डॉ. फहीम मलिक, डॉ. महमूद आलम, डॉ. ग़ियासुद्दीन सिद्दीकी, डॉ. मुफ़्ती जावेद अनवर,, डॉ. अतहर महमूद, इसरार अहमद उज्जैनी तथा हकीम मुर्तज़ा देहलवी सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सैकड़ों मरीजों की जाँच की, स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया और आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क यूनानी दवाइयाँ वितरित कीं।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने ऑल इंडिया यूनानी तिब्बी कांग्रेस, पंडित आनंद मोहन ज़ुत्शी गुलज़ार देहलवी तथा हज़रत शेख अलीमुद्दीन असदी की सेवाओं की सराहना की. उपस्थित आमजन ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी आल इंडिया यूनानी तिब्बी कांग्रेस इस प्रकार के निःशुल्क चिकित्सा शिविर देशभर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित करती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक ज़रूरतमंद लोग इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।

Exit mobile version