Site icon TIMES OF PEDIA

उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष और गृह मंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज के निर्माता पिंगली वेंकैया की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

freedom-fighter-pingali-venkay

freedom-fighter-pingali-venkay

नई दिल्ली, 02 अगस्त । उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई नेताओं ने रविवार को स्वतंत्रता सेनानी एवं राष्ट्रीय ध्वज के निर्माता पिंगली वेंकैयाकी जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने एक्स पर लिखा, “पिंगली वेंकैया को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि! एक महान स्वतंत्रता सेनानी, सच्चे गांधीवादी और भारत के राष्ट्रीय ध्वज के निर्माता के तौर पर उन्होंने देश के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। तिरंगा आज भी हर भारतीय को गर्व के साथ एकजुट करता है; ऐसे में हम उनकी निस्वार्थ सेवा और उनकी अमूल्य विरासत को गहरे सम्मान के साथ याद करते हैं।”

ओम बिरला ने कहा कि पिंगली वेंकैया भारत की राष्ट्रीय पहचान, आत्म-सम्मान, एकता के प्रतीक ‘तिरंगे’ (राष्ट्रीय ध्वज) के डिज़ाइनर, स्वतंत्रता सेनानी और सच्चे देशभक्त थे जो देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय गौरव का शाश्वत प्रतीक है। वेंकैया का जीवन सभी को देशभक्ति, समर्पण और कर्तव्य-बोध की प्रेरणा देता है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम और ज्ञान की विभिन्न धाराओं के विकास में पिंगली वेंकैया की भूमिका भारतीयों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी।

केन्द्रीय स्वास्थ्यमंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि आजादी की लड़ाई के समर्पित योद्धा, आदरणीय पिंगली वेंकैया ने राष्ट्रीय ध्वज को स्वरूप दिया और इस तरह भारत की राष्ट्रीय पहचान को एक नई मान्यता दिलाई। उनका अमूल्य योगदान आज भी हर भारतीय के दिल में देशभक्ति, एकता और आत्म-सम्मान की भावना जगाता है।

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याणमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश को एकता के सूत्र में बांधने वाली आपकी बेमिसाल रचना के ज़रिए, आप हमेशा देशवासियों के दिलों में अमर रहेंगे। केन्द्रीय कपड़ामंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के निर्माण में उनका अमूल्य योगदान सदैव यादगार और प्रेरणादायक रहेगा।

Exit mobile version