नई दिल्ली, 06 अक्टूबर । विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 30 अक्टूबर को समाप्त हफ्ते में 2.69 अरब डॉलर घटकर 717.06 अरब डॉलर रह गया है।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि 30 अक्टूबर को समाप्त हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.69 अरब डॉलर घटकर 717.06 अरब डॉलर रहा है। इससे पिछले सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 1.27 अरब डॉलर घटकर 719.75 अरब डॉलर रहा था। आंकड़ों के मुताबिक 30 अक्टूबर को समाप्त हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 2.09 अरब डॉलर घटकर 591.12 अरब डॉलर रही। आरबीआई ने कहा कि इस दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य भी 55.9 करोड़ डॉलर घटकर 102.59 अरब डॉलर रह गया।
इसके अलावा विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) भी 4.7 करोड़ डॉलर घटकर 18.56 अरब डॉलर रह गया है। आरबीआई के अनुसार अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत की आरक्षित स्थिति 30 लाख डॉलर बढ़कर 4.79 अरब डॉलर रही।
प्रवासी भारतीयों की जमा पर विशेष रियायती अदला-बदली योजना के तहत बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा आने से 4 सितंबर को समाप्त हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार अब तक के उच्चतम स्तर 785.71 अरब डॉलर पर पहुंच गया था।

