Site icon TIMES OF PEDIA

प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा, ग्रामीणों से किया संवाद

flood-affected-areas-inspected

flood-affected-areas-inspected

बाराबंकी, 18 अगस्त । मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के लिए मंगलवार को राज्य मंत्री कारागार एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने रामनगर तहसील के हेतमापुर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने हेतमापुर बाढ़ चौकी और तटबंध का जायजा लेते हुए बाढ़ की स्थिति, राहत-बचाव व्यवस्था तथा प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

प्रभारी मंत्री ने स्थायी बाढ़ शरणालय हेतमापुर में 50 प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की। इसके अलावा राजस्व ग्राम बतनेरा के अंतर्गत ग्राम कोडरी में 113, सुंदरनगर में 90 और ललपुरवा में 138 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट दी गईं। वहीं 109 राहत किट बाबा पुरवा के प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई गईं। इस तरह कुल 500 राहत किट वितरित की गईं। जनपद में अब तक 1,930 राहत किट वितरित की जा चुकी हैं।

प्रभावित परिवारों को हर हाल में मिले राहत

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी बाढ़ प्रभावित परिवार राहत सामग्री से वंचित न रहने पाए। स्थानीय स्तर पर प्रभावित परिवारों की जरूरतों का लगातार आकलन करते हुए समय से सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि बाढ़ चौकियों पर संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहें तथा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान कराएं। साथ ही पात्र लोगों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।

26 प्रकार की सामग्री वाली राहत किट

प्रभावित परिवारों को दी जा रही राहत किट में 10 किलोग्राम आटा, 10 किलोग्राम चावल, दो किलोग्राम अरहर की दाल, दो किलोग्राम चना, तिरपाल समेत रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी कुल 26 प्रकार की सामग्री शामिल है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसे की व्यवस्था भी की गई है।

जिलाधिकारी ने दी बाढ़ की स्थिति की जानकारी

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने प्रभारी मंत्री को बाढ़ की वर्तमान स्थिति तथा प्रशासन की ओर से किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ जरूरी राहत उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

प्रभारी मंत्री ने बाढ़ चौकियों, राहत शिविरों और संवेदनशील क्षेत्रों में व्यवस्थाएं लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग को प्रभावित परिवारों के सत्यापन और राहत वितरण, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा सेवाएं, पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए चारे एवं उपचार तथा अन्य विभागों को अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम कर प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एमएलसी अंगद सिंह, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा, पूर्व विधायक रामनगर शरद अवस्थी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Exit mobile version