Site icon TIMES OF PEDIA

उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर ट्रेलर से भिड़ंत के बाद दमकल में लगी आग, दो फायरमैन जिंदा जले

fire-truck-catches-two-firemen-burned-alive

fire-truck-catches-two-firemen-burned-alive

उदयपुर, 01 नवंबर । उदयपुर जिले के ऋषभदेव थाना क्षेत्र में रविवार को नेशनल हाईवे-48 पर एक भीषण सड़क हादसे में दो फायरमैन की मौत हो गई। माकड़जपा गांव के पास ट्रेलर से टकराने के बाद दमकल वाहन में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसमें सवार दो फायरमैन को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वे जिंदा जल गए। हादसे में दमकल चालक और ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए उदयपुर के एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दमकल वाहन का केबिन बुरी तरह पिचक गया। इसके कुछ ही सेकंड बाद केबिन में आग भड़क उठी। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर दमकल चालक को बाहर निकाला, लेकिन दोनों फायरमैन अंदर ही फंसे रह गए। आग पर काबू पाने में करीब एक घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद दोनों के शव बाहर निकाले गए। फिलहाल मृतक फायरमैन की पहचान नहीं हो सकी है।

ऋषभदेव थानाधिकारी हेमंत अहारी के अनुसार दमकल वाहन ‘अग्नि रक्षक’ नामक निजी कंपनी का था और उस पर पश्चिम बंगाल का पंजीकरण नंबर था। दमकल गुजरात से उदयपुर की ओर जा रही थी, जबकि संबंधित ट्रेलर उदयपुर से अहमदाबाद की दिशा में जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, ट्रेलर पहले आगे चल रहे एक अन्य ट्रेलर से टकराया। इसके बाद अनियंत्रित होकर हाईवे की दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से आ रही दमकल से भिड़ गया। टक्कर के बाद दमकल के केबिन में आग लग गई। केबिन पिचकने के कारण अंदर मौजूद लोग फंस गए। पुलिस मृतक फायरमैन की पहचान के लिए संबंधित कंपनी से संपर्क कर रही है।

हादसे के बाद उदयपुर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया। दोनों वाहनों की टक्कर और आग बुझाने की कार्रवाई के चलते करीब एक घंटे तक लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। आग बुझने और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद यातायात बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बावजूद कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही धीमी रही। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Exit mobile version