Site icon TIMES OF PEDIA

हत्या के मामले में वांछित दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल

emcounter-2-murder-accused-inj

emcounter-2-murder-accused-inj

नोएडा, 03 नवंबर । उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना जेवर पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे दो बदमाशों को आज सुबह को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दोनों बदमाशों के पैर में लगी है।

पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि आज तड़के थाना जेवर पुलिस झाझर रोड के पावर हाउस के पास बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी, तभी सामने से दो व्यक्ति पैदल आते हुए दिखाई दिए। जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे। उन्होंने बताया कि पीछा करके पुलिस ने उन्हें घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली शेरू उर्फ शेर मोहम्मद पुत्र युसूफ निवासी मोहल्ला व्यापारियन कस्बा जहांगीरपुर तथा मौसीम पुत्र सगीर निवासी मोहल्ला पठान टोला कस्बा पहासू जनपद बुलंदशहर के पैर में लगी है। इनके पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो अवैध पिस्टल , कारतूस आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि दोनों बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि इन बदमाशों ने 7 अक्टूबर की रात को इमरान (36 ) की कस्बा जहांगीरपुर के भरे बाजार में ताबड़तोड़ गोली चलाकर सरेआम हत्या कर दी थी। इस घटना की एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई। इमरान को 6 गोलियां लगी थी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के समय बदमाश बिना नंबर प्लेट की बाइक घटनास्थल पर छोड़कर भाग गए थे। उन्होने बताया कि वर्ष 2021 में एक व्यक्ति की हत्या हुई थी, जिसमें इमरान जेल गया था। कुछ समय पूर्व ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते हुई थी। इस मामले में पुलिस ने पूर्व में 9 बदमाशों को गिरफ्तार किया था।

Exit mobile version