Site icon TIMES OF PEDIA

(लीड) 100 अटल कैंटीन का संकल्प पूरा, पांच रुपये में मिलेगा 1 लाख लोगों को पौष्टिक भोजन

dl-100-atal-canteens

dl-100-atal-canteens

नई दिल्ली, 16 अगस्त । दिल्ली सरकार ने 100 अटल कैंटीन के संकल्प को रविवार को पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के तिमारपुर से 25 नई अटल कैंटीन के उद्घाटन के साथ आठ माह में पूरा कर लिया। दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) ने अटल कैंटीन की शुरुआत 25 दिसंबर 2025 को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर की थी। वर्तमान में इन 100 अटल कैंटीनों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 1 लाख लोगों को भोजन उपलब्ध किया जा सकेगा।

इस उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सांसद मनोज तिवारी, दिल्ली सरकार के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद, विधायक सूर्य प्रकाश खत्री सहित दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि दिल्ली में 100 अटल कैंटीनों का शुभारंभ अत्यंत सराहनीय पहल है, जिसका उद्देश्य गरीबों, झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों, श्रमिकों और दिल्ली में रोजगार के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले लोगों को सस्ता व पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य योजना नहीं, बल्कि समाज के सबसे जरूरतमंद वर्गों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा-भाव का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ की भावना को साकार करते हुए दिल्ली सरकार ने 100 अटल कैंटीन स्थापित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया और आज यह संकल्प पूरा हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि 100 अटल कैंटीन का लक्ष्य पूरा होना दिल्ली सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पहल श्रद्धेय अटलजी की अंत्योदय की भावना और जनसेवा के आदर्शों को समर्पित एक सार्थक श्रद्धांजलि भी है। अटलजी का जीवन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सम्मानजनक और पौष्टिक भोजन से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि आज एक कैंटीन दिल्ली विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन के पास भी खोल दी गई है। इस यूनिवर्सिटी एरिया में विद्यार्थी अपना घर-परिवार छोड़कर हॉस्टलों, पीजी रूम्स में रहते हैं। अब जरूरतमंद विद्यार्थी इस कैंटीन में पौष्टिक व सस्ता भोजन खा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आप चिंता मत कीजिए, आपकी सरकार आपके साथ है और अटल कैंटीन आपका पेट भरने का काम भी करेगी।

मंत्री आशीष सूद ने कहा कि अटल कैंटीन केवल सस्ता भोजन उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि दिल्ली को बनाने वाले मेहनतकश हाथों के सम्मान का संकल्प है। दिल्ली की सड़कों, मेट्रो, बाजारों, बड़े भवनों और घरों की रोजमर्रा की व्यवस्था के पीछे लाखों श्रमिकों का परिश्रम है। ऐसे में उनके भोजन और सम्मान की चिंता करना सरकार का दायित्व है।

100 कैंटीन से रोजाना एक लाख लोगों को भोजन

दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) ने अटल कैंटीन की शुरुआत 25 दिसंबर 2025 को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर की थी। इसके बाद निर्धारित समयसीमा में लगातार कैंटीनों को शुरू किया गया और आज 25 नई कैंटीनों के उद्घाटन के साथ 100 का लक्ष्य पूर्ण हो गया। इस अवधि में अटल कैंटीन योजना के माध्यम से अब तक लगभग 95 लाख सब्सिडी वाले भोजन जनता को उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इन कैंटीनों के माध्यम से प्रतिदिन बिना किसी अवकाश के लाभार्थियों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इन कैंटीन में मात्र 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में इन 100 अटल कैंटीनों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 1 लाख लोगों को भोजन उपलब्ध किया जा सकेगा। ये कैंटीन साल भर में लगभग 3.65 करोड़ भोजन (थाली) उपलब्ध कराने की क्षमता रखती हैं। दिल्ली सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान अपने घोषणापत्र में दिल्लीवासियों से 100 अटल कैंटीन स्थापित करने का वादा किया था। इस संकल्प को समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए सरकार ने मात्र आठ महीनों के भीतर सभी 100 अटल कैंटीन दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित कर दी हैं।

25 नई अटल कैंटीन : जनकपुरी में पंखा रोड स्थित उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन, विकासपुरी में एमसीडी पार्क स्थित इंदिरा कैंप नंबर-5 पार्ट-2 तथा राजीव गांधी कैंप व टी-कैंप हस्तसाल, मुंडका में सावदा घेवरा एसआरएस कॉलोनी के फेज-1 एवं फेज-2, मंगोलपुरी में संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल के एस ब्लॉक व रोहिणी सेक्टर-3 स्थित जयपुर गोल्डन अस्पताल, आरके पुरम में मोती बाग, नई दिल्ली में एम्स के सामने, मटिया महल में एलएनजेपी अस्पताल, मॉडल टाउन में आरपी बाग के संगम पार्क स्थित सामुदायिक भवन, मुस्तफाबाद में पूर्वी करावल नगर स्थित वीर सावरकर एमसीडी अस्पताल, सीमापुरी में इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड एलाइड साइंसेज, विश्वास नगर में विवेक विहार स्थित आनंद विहार रेलवे स्टेशन के पास, तिमारपुर में विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-3 तथा मुखर्जी नगर स्थित मुंशी राम जेजे क्लस्टर, रिठाला में सेक्टर-16 स्थित गुरु तेग बहादुर कॉलोनी, सेक्टर-17 स्थित अमर ज्योति कॉलोनी एवं रोहिणी सेक्टर-4 एक्सटेंशन स्थित लाल फ्लैट, आदर्श नगर में आजादपुर मंडी स्थित अदरक मार्केट एवं एपीएमसी के चौधरी हीरा सिंह पार्क, नरेला में टिकरी खुर्द स्थित एसआरएस कॉलोनी एवं होलंबी खुर्द स्थित एसआरएस कॉलोनी, रोहिणी सेक्टर-26 स्थित एसआरएस कॉलोनी के सामुदायिक भवन तथा शालीमार बाग में शीश महल पार्क स्थित आयुर्वेदिक कैंप में अटल कैंटीन शामिल हैं।

Exit mobile version