Site icon TIMES OF PEDIA

ढाका के जात्राबारी में चार देसी बम फटे, कमलापुर रेलवे स्टेशन पर दो धमाके

dhaka-4bomb-exploded

dhaka-4bomb-exploded

ढाका, 20 सितंबर । बांग्लादेश की राजधानी ढाका के जात्राबारी इलाके में शनिवार शाम कम से कम चार देसी बम फटे। इस दौरान एक व्यक्ति घायल हो गया। इसके बाद कमलापुर रेलवे स्टेशन पर दो और देसी बम फटे। जात्राबारी थाना के इंस्पेक्टर (ऑपरेशन्स) खालिद हसन ने इसकी पुष्टि की।

द डेली स्टार और ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, जात्राबारी में शाम करीब 7:40 बजे समद सुपर मार्केट के सामने चार देसी बम फटे। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल व्यक्ति 32 वर्षीय रिक्शा चालक है।उसकी पहचान बिलाल के रूप में हुई है।

इस घटना के बाद कमलापुर रेलवे स्टेशन पर दो देसी बम फटे। ढाका जिले के रेलवे पुलिस अधीक्षक निकुलिन चकमा ने बताया कि धमाके रात करीब 10:30 बजे प्लेटफॉर्म 2 के आखिरी छोर पर हुए। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ये ताजा धमाके ढाका में कई जगहों पर देसी बम धमाकों की एक शृंखला की खबर के एक दिन बाद हुए हैं।

उधर, शनिवार शाम राजधानी में अलग-अलग जगह पर तीन बसों में आग लगा दी गई। मीरपुर में दो बसों को निशाना बनाया गया, जबकि बड्डा में एक और बस में आग लगा दी गई। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने कहा कि शुक्रवार और शनिवार की घटनाओं के बाद पूरे ढाका में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मुख्य सड़कों और शहर में घुसने के रास्तों पर 200 से ज्यादा चेक पॉइंट बनाए गए हैं।

ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (जनसंपर्क और मीडिया विंग) नियाज मेहदी ने कहा कि सुरक्षा के उपाय किए गए हैं। अहम स्थानों पर तलाशी व निगरानी बढ़ाई गई है। इस दौरान 515 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

Exit mobile version