नई दिल्ली, 28 अगस्त । दिल्ली के वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘वयो आनंद’ योजना शुरू करने की घोषणा के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि इस योजना के अंतर्गत वरिष्ठजनों के लिए इनडोर गेम और सामाजिक गतिविधियों में शामिल होने जैसे केन्द्र स्थापित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार इस योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके आसपास ही ऐसा सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है। इनमें भाग लेकर अकेलेपन को दूर कर सकें। इन केंद्रों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग और ध्यान की कक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी। साथ ही केंद्रों में मासिक चिकित्सा शिविर और प्राथमिक उपचार किट की भी व्यवस्था होगी। सरकार ऐसे मनोरंजन केंद्रों को चलाने वाले संगठनों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, दिल्ली के वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान, स्वास्थ्य, सक्रिय जीवन तथा सामाजिक जुड़ाव को सुनिश्चित करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। इन केन्द्रों में कैरम, लूडो आदि इनडोर खेल, बैठने की व्यवस्था, पंखा, कूलर, टेलीविजन, कंप्यूटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें समाचार पत्र, पत्रिकाएं और किताबें भी रखी जाएंगी ताकि वरिष्ठ नागरिक खाली समय का पूरा उपयोग कर सकें।
इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, वरिष्ठ नागरिक दिवस और राष्ट्रीय पर्व आदि मनाए जाएंगे। इन केंद्रों में वर्ष में कम से कम 5-6 ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योजना में मासिक चिकित्सा शिविर और प्राथमिक उपचार किट की व्यवस्था का भी प्रावधान है। साथा ही स्वास्थ्य व फिटनेस कक्षाएं, आउटडोर टूर, कहानी सुनाने के सत्र, पेंटिंग, क्राफ्ट, पॉटरी, पोषण संबंधी परामर्श तथा इनडोर और आउटडोर खेल जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। योजना के तहत पात्र मनोरंजन केंद्र को एक वित्तीय वर्ष में 2.40 लाख रुपये (20 हजार रुपये प्रतिमाह) की सहायता दी जाएगी। यह राशि दो बराबर छमाही किस्तों में जारी की जाएगी। योजना में आरडब्ल्यूए, सीजीएचएस और सामुदायिक स्थान जैसे चौपाल में चलने वाले केंद्र भी शामिल हो सकते हैं।
मनोरंजन केंद्र सुबह 7 बजे से रात 8 बजे के बीच सप्ताह में पांच दिन तक खुले रहेंगे। केंद्र में पर्याप्त वेंटिलेशन और शौचालय की सुविधा होगी। आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए नजदीकी पुलिस थाने और अस्पतालों से संपर्क रहेगा।

