Site icon TIMES OF PEDIA

उत्तर, मध्य और पूर्वी क्षेत्रों में आगामी दिनों के दौरान बहुत भारी बारिश के आसार

delhi-ncr-imd-mansoon

delhi-ncr-imd-mansoon

नई दिल्ली, 27 अगस्त । दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। आगामी दिनों में उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है जबकि प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की गतिविधियां सामान्य से कम रहेंगी।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को सुबह से शाम के बीच रुक-रुक कर तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 34-36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। शनिवार (29 अगस्त) को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य और उत्तर भारत के उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में अगले 5-6 दिनों के दौरान बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 2 सितंबर तक गरज-चमक के साथ व्यापक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के ओडिशा और बिहार-झारखंड में मानसून सक्रिय रहेगा। ओडिशा- 27 से 31 अगस्त के दौरान राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।

पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड: 31 अगस्त तक गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। अंडमान-निकोबार: द्वीप समूह में 50-60 किमी घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और तूफानी मौसम रहने का अनुमान है। पूर्वोत्तर राज्य: अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 2 सितंबर तक व्यापक वर्षा और 30 अगस्त को बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

पश्चिम और दक्षिण भारत के कोंकण और गोवा में 2 सितंबर तक अधिकांश स्थानों पर बारिश जारी रहेगी जबकि गुजरात और महाराष्ट्र के आंतरिक हिस्सों में छिटपुट बौछारें पड़ने की उम्मीद है।

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और आंतरिक कर्नाटक में बारिश की गतिविधि काफी कम रहेगी, हालांकि तटीय कर्नाटक और केरल में कुछ दिनों तक मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है।

Exit mobile version