Site icon TIMES OF PEDIA

दिल्ली में पहली एमसीडी मिनी फुटबॉल लीग शुरू, 1200 खिलाड़ी लेंगे भाग

delhi-mcd-first-football-leagu

delhi-mcd-first-football-leagu

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर । दिल्ली नगर निगम के इतिहास में पहली बार प्राथमिक विद्यालय स्तर पर एमसीडी मिनी फुटबॉल लीग 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को दिल्ली गेट स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में महापौर प्रवेश वाही ने इस लीग का औपचारिक शुभारंभ किया। एसआईटीडीएस के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में दिल्ली के निगम विद्यालयों की 120 से अधिक टीमों के 1200 से ज्यादा नन्हे खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में अंडर-9 और अंडर-11 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ विजन और नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में इस पहल की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य बच्चों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के साथ उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे निगम विद्यालयों और अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।

महापौर ने कहा कि शिक्षा विभाग की यह पहल बच्चों को मोबाइल स्क्रीन की लत से दूर कर खेल के मैदान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता जैसे गुण विकसित होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजनों से जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने और भविष्य के ओलंपिक चैंपियन तैयार करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगले वर्ष कबड्डी, खो-खो, टेबल टेनिस और क्रिकेट जैसे अन्य खेलों को भी लीग में शामिल करने की योजना है।

निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने बताया कि छोटे बच्चों की उम्र और शारीरिक क्षमता को ध्यान में रखते हुए मैचों का प्रारूप तैयार किया गया है। प्रत्येक मुकाबला 15-15 मिनट के दो हाफ में खेला जाएगा, जिसके बीच पांच मिनट का ब्रेक होगा। इस तरह प्रत्येक मैच की कुल अवधि 35 मिनट होगी। प्रतियोगिता की विजेता टीम को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

लीग का उद्घाटन मुकाबला साउथ जोन और सेंट्रल जोन की बालिका टीमों के बीच खेला गया, जिसमें साउथ जोन की टीम ने जीत दर्ज की। स्टेडियम में निगम विद्यालयों के विद्यार्थियों की मौजूदगी और खिलाड़ियों के उत्साह ने आयोजन को खास बना दिया।

इस प्रतियोगिता में 120 से अधिक टीमों और 1200 से ज्यादा बाल खिलाड़ियों के पंजीकरण से निगम विद्यालयों में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि का संकेत मिला है।

महापौर ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी संस्थानों और प्रायोजकों का आभार व्यक्त किया। इनमें भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), भारतीय रेलवे वित्त निगम (आईआरएफसी), पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी), निविया, दिल्ली सॉकर एसोसिएशन और स्पोर्ट्स अपना सहित अन्य सहयोगी शामिल हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर प्रवेश वाही उपस्थित रहे। इस अवसर पर शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा, निगमायुक्त संजीव खिरवार सहित दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।

एमसीडी मिनी फुटबॉल लीग 2026 को निगम विद्यालयों के बच्चों को खेलों से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को मंच देने और शिक्षा के साथ खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Exit mobile version