Site icon TIMES OF PEDIA

यूपी नंबर की कार में मिली लाश का खुलासा, गाजियाबाद के बदमाशों ने की थी हत्या

dead-body-found-in-car-reveale

dead-body-found-in-car-reveale

अजमेर, 28 सितम्बर(हि.सं.)। अजमेर जिला अन्तर्गत जयपुर मार्ग पर गगवाना पुलिया के पास यूपी नंबर की कार में मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया है।

पुलिस जांच में मृतक की पहचान टैक्सी चालक श्रीकांत तिवारी के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने हत्या के आरोप में गाजियाबाद से दो आरोपियों कौशल सिंह और सूरज सिंह को गिरफ्तार किया है।

अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों को साझा किया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार आरोपिताें ने कथित तौर पर लूट के इरादे से श्रीकांत तिवारी की हत्या की। वारदात के बाद हत्या को सड़क हादसे का रूप देने का प्रयास किया गया। इसके लिए आरोपिताें ने कार को पिकअप वाहन से टकराकर घटना को दुर्घटना दिखाने की कोशिश की।

गगवाना थाना पुलिस ने मामले की जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर पुलिस आरोपिताें तक पहुंची। उन्होंने बताया कि जांच के बाद दोनों आरोपिताें को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अब आरोपिताें से पूछताछ कर हत्या की पूरी वारदात, लूट की मंशा, मृतक से आरोपिताें के संबंध और घटना में इस्तेमाल किए गए अन्य साधनों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है।

Exit mobile version