Site icon TIMES OF PEDIA

डाला छठ: वाराणसी में अस्ताचलगामी सूर्य को व्रती महिलाओं ने दिया पहला अर्घ्य, गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

-----------------

-----------------

वाराणसी, 15 नवंबर । उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में लोक आस्था के महापर्व डाला छठ (सूर्य षष्ठी) के तीसरे दिन रविवार शाम को व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर गंगा के प्रमुख घाटों, कुंडों, सरोवरों और तालाबों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। चार दिवसीय महापर्व के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर पूरा शहर छठी मइया की भक्ति में सराबोर नजर आया। घाटों पर पारंपरिक छठ गीतों की गूंज और दीपों की रोशनी ने अद्भुत धार्मिक छटा बिखेरी।

36 घंटे का निर्जला व्रत रख रहीं व्रती महिलाओं ने दूध और गंगाजल से भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य दिया। इससे पहले उन्होंने घाटों पर बनाई गई वेदियों का विधिवत पूजन किया। बांस के सूप और दउरे में मौसमी फल, ठेकुआ, पकवान तथा पूजन सामग्री सजाकर भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना की। व्रती महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, वंश वृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

दोपहर बाद से ही गंगा घाटों और जलाशयों की ओर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। महिलाएं समूह में पारंपरिक छठ गीत गाते हुए घाटों तक पहुंचीं। वहीं, परिवार के पुरुष सदस्य सिर पर दउरा और पूजन सामग्री लेकर उनके साथ चल रहे थे। घाटों पर पहुंचने के बाद महिलाओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर वेदी पूजन किया और छठी मइया की आराधना की। इसके बाद गंगा और अन्य जलाशयों में कमर अथवा घुटने तक पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

इस दौरान घाटों पर ‘कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए’, ‘उजे केरवा जे फरेला घवद से, ओ पर सुग्गा मेरराय’ जैसे पारंपरिक छठ गीत गूंजते रहे। गीतों और भक्ति संगीत से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। मन्नत पूरी होने पर कई व्रती महिलाओं ने परिवार और रिश्तेदारों के साथ विधि-विधान से कोसी भी भरी।

अर्घ्य देने के बाद घर लौटते समय व्रती महिलाएं अपने सिर पर रखे कलश पर जलता हुआ दीपक लेकर चलीं। सड़क पर भीड़ के बीच दीपक सुरक्षित रहे, इसके लिए परिवार के सदस्य महिलाओं के चारों ओर घेरा बनाकर चल रहे थे। बच्चों और युवाओं में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

महापर्व पर सामनेघाट, अस्सीघाट, तुलसीघाट, हनुमानघाट, मानमंदिर घाट, पांडेय घाट, दरभंगा घाट, मीरघाट, सिंधिया घाट, गायघाट और भैसासुर घाट समेत गंगा के विभिन्न तटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। दशाश्वमेध, अस्सी, पंचगंगा और सामनेघाट पर विशेष रूप से अधिक संख्या में व्रती महिलाएं और उनके परिजन जुटे। गंगा घाटों के अलावा बीएलडब्ल्यू स्थित सूर्य सरोवर, सूरजकुंड, लक्ष्मीकुंड, ईश्वरगंगी तालाब, पुष्कर तालाब, संकुलधारा पोखरा, पिशाचमोचन तालाब और रामकुंड पर भी अर्घ्यदान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। घरों और कॉलोनियों में बनाए गए अस्थायी कुंडों पर भी छठ पूजा की गई। विभिन्न कुंडों और तालाबों के आसपास आकर्षक सजावट की गई थी। गंगा तट और सूर्य सरोवर के आसपास सामाजिक संगठनों की ओर से सहायता एवं सेवा शिविर भी लगाए गए। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस भी सतर्क रही। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 11 एनडीआरएफ टीमों के साथ जल पुलिस के जवान तैनात रहे। भीड़भाड़ वाले घाटों पर विशेष निगरानी रखी गई।

काशी में छठ महापर्व के तीसरे दिन का एक विशेष दृश्य गंगा घाटों पर देखने को मिला। अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देने के बाद हजारों व्रती महिलाएं अपने परिजनों के साथ घाटों पर ही रुक गईं। ये महिलाएं पूरी रात गंगा तट पर खुले आसमान के नीचे रात्रि जागरण करते हुए भजन-कीर्तन और छठी मइया की आराधना करेंगी। करीब 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखने वाली व्रती महिलाएं सोमवार तड़के उदीयमान सूर्य को दूसरा और अंतिम अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रत का पारण करेंगी। गंगा तट पर रातभर रुककर सूर्योपासना करने वाली महिलाओं की अटूट श्रद्धा और आस्था को देखकर घाटों पर मौजूद लोग भी उनके प्रति सम्मान प्रकट करते नजर आए। सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।

Exit mobile version