Site icon TIMES OF PEDIA

250 सीएम-ईईई स्कूल, 900 विद्यालयों में आईसीटी लैब की मंजूरी

cm-eee-schools-ict-labs-

cm-eee-schools-ict-labs-

चंडीगढ़, 17 अक्टूबर । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरकार के लगातार तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर शनिवार को चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का ब्यौरा दिया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा तथा कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा के लिए पीएम-श्री की तर्ज पर 250 सीएम-ईईई स्कूल खोले गए हैं। पी.एम.-श्री और समग्र शिक्षा योजना के तहत 900 सरकारी स्कूलों में आई.सी.टी. लैब स्थापित करने की मंजूरी दी गई है। इससे बच्चों को पढ़ाई के साथ आधुनिक तकनीक सीखने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 441 अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से लगभग एक लाख विद्यार्थियों को नवाचार और अनुसंधान का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नए राजकीय महाविद्यालयों के निर्माण और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 135 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में कुल 84 राजकीय महाविद्यालय खोले गए, जिनमें से 33 महाविद्यालय केवल लड़कियों के हैं। प्रदेश के 17 जिलों में 44 करोड़ रुपये की लागत से 350 अटल लाइब्रेरी खोली गई हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए विशेष बसों की संख्या बढ़ाकर 893 की गई है, ताकि पढ़ाई तक पहुंच आसान हो। जरूरतमंद विद्यार्थियों की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग देने के उद्देश्य से ओ.बी.सी. और डी.एन.टी. वर्गों के 41 हजार 146 विद्यार्थियों को 35 करोड़ रुपये छात्रवृत्ति के रूप में दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेटों का कैंप मैसिंग भत्ता 150 रुपये से बढ़ाकर 220 रुपये प्रतिदिन किया गया और एसोसिएट एनसीसी अधिकारियों का मानदेय भत्ता 40 प्रतिशत बढ़ाया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के कर-कमलों से 2 नए मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण किया गया। इनमें 593 करोड़ रुपये से बना पंडित ने की राम शर्मा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, भिवानी तथा 844 करोड़ रुपये से बना महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज और राव तुलाराम अस्पताल, कोरियावास, नारनौल शामिल है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्ष 2014 तक केवल 6 मेडिकल कॉलेज थे। अब इनकी संख्या बढक़र 18 हो गई है। इस प्रकार, सरकार ने पिछले 12 वर्षों में कुल 12 नए मेडिकल कॉलेज खोले हैं। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के अरुआ व दयालपुर, कैथल के घेरडू, कुरुक्षेत्र के खेड़ी रामनगर और पंचकूला के खेड़ावाली में 220 करोड़ रुपये से 5 नर्सिंग कॉलेज खोले गए। सरकार बनते ही 18 अक्टूबर, 2024 से सभी नागरिक जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में किडनी रोगियों के लिए मुफ्त डायलिसिस सेवाएं शुरू की गईं।

Exit mobile version