Site icon TIMES OF PEDIA

120 फीट गहरे कुएं में गिरे व्यक्ति को सिविल डिफेंस ने सुरक्षित निकाला

civil-defence-safely-rescued-

civil-defence-safely-rescued-

जयपुर, 08 अगस्त । कानोता थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 120 फीट गहरे कुएं में गिरे व्यक्ति को सिविल डिफेंस की टीम ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद व्यक्ति को जीवित बाहर निकालने में सफलता हासिल की।

उप नियंत्रक अमित शर्मा के अनुसार दोपहर 3:35 बजे कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम से सिविल डिफेंस को सूचना मिली कि रघुनाथपुरा/खातिया की ढाणी क्षेत्र में एक व्यक्ति गहरे कुएं में गिर गया है। सूचना में व्यक्ति के जीवित होने की जानकारी मिलने पर तत्काल रेस्क्यू की आवश्यकता बताई गई।

सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने के बाद टीम ने सुरक्षा इंतजामों के साथ कुएं में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

टीम ने करीब आधे घंटे तक कड़ी मशक्कत की और कुएं में फंसे व्यक्ति तक पहुंच बनाई। इसके बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के बाद व्यक्ति को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। सिविल डिफेंस अधिकारियों के अनुसार टीम की तत्परता, साहस और त्वरित कार्रवाई के चलते समय रहते व्यक्ति की जान बचाई जा सकी।

Exit mobile version