कानपुर, 26 अक्टूबर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कानपुर में 411 करोड़ से अधिक की 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। महर्षि वाल्मीकि जयंती पर बिठूर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने समाजवादी पार्टी, अखिलेश यादव और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा अध्यक्ष पर करारा तंज कसते हुए कहा कि विरासत में एक बार गद्दी मिल सकती है, लेकिन बुद्धि नहीं मिलती।
अखिलेश यादव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आपको एक बार सत्ता विरासत में मिल गई थी, पर काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। आपके कारनामों को देखकर प्रदेश की जनता आपको विदा कर चुकी है। दोबारा सपना देखना बंद करिए और याद रखिए कि विरासत में एक बार गद्दी मिल सकती है, लेकिन बुद्धि नहीं मिलती। बुद्धि के लिए प्रयास करना पड़ता है, जमीन पर उतरना पड़ता है। उन्होंने कहा कि आपकी हरकतों को देखकर मैं कह सकता हूं कि गद्दी तो आप एक बार भले ही पा गए, लेकिन अब गद्दी भी मिलने वाली नहीं है, और बुद्धि तो पहले से ही नदारद थी।
सपा को गंदगी में रहने की आदत, अंधेरे में डालते हैं डकैती
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम परंपरा और विरासत का सम्मान करने वाले लोग हैं। राम के अयोध्या आगमन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हजारों वर्षों तक अयोध्या में केवल टूटा-फूटा सड़क मार्ग था, बिजली गायब थी और गंदगी रहती थी। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के संस्कार हैं, गंदगी में रहने की आदत, गंदे कार्यों को करने की आदत, अंधेरे में डकैती डालने की जो आदत थी, वही उन्होंने अयोध्या में भी किया।
राम का संबंध जोड़ने का श्रेय वाल्मीकि, गोस्वामी तुलसीदास और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के जरिये प्रधानमंत्री मोदी को देते हुए उन्होंने कहा कि जो राम विरोधी हैं, वे कैसे स्वीकार कर सकते हैं इस बात को, इसलिए अनर्गल प्रलाप करते हैं। कांग्रेस तो मानसिक रूप से दिवालिया हो चुकी है, विक्षिप्त हो चुकी है। नए-नए षड्यंत्रों को जन्म देती है। देश की संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करती है।
मुख्यमंत्री ने रामचरितमानस की पंक्ति “नहिं दरिद्र कोउ दुखी न दीना, नहिं कोउ अबुध न लच्छन हीना” का उल्लेख करते हुए कहा कि आज जो कार्य हो रहे हैं, यही रामराज्य है। उन्होंने कहा कि ये पंक्तियां डबल इंजन सरकार के कार्यों को सामने रखती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने विकास भी कराया, विरासत का सम्मान भी किया और गरीबों के कल्याण की योजनाएं भी दीं। प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त राशन मिला। प्रधानमंत्री आवास योजना में 65 लाख गरीबों को आवास, 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत की सुविधा, उज्ज्वला योजना में 02 करोड़ लोगों को रसोई गैस सिलेंडर, दीपावली पर हर आयुष्मान और उज्ज्वला लाभार्थी को एक-एक मुफ्त सिलेंडर मिला। 67 लाख छात्रों को प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक स्कॉलरशिप प्रदान की गई। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 05 लाख से अधिक बेटियों की शादी, प्रत्येक पर 01 लाख रुपये का अनुदान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 159 करोड़ से अधिक की लागत से मंधना-गंगा बैराज-शुक्लागंज-पुरवा-मोहनलालगंज मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-173) के 16 किलोमीटर लंबे हिस्से का दो लेन से चार लेन में चौड़ीकरण, 26 करोड़ की लागत से डिफेंस कॉरिडोर परियोजना के कानपुर नोड में आंतरिक सड़क, तालाब, बाउंड्री वॉल और एसटीपी निर्माण सहित अन्य कार्य तथा 15 करोड़ की लागत से लखनऊ-मोहान-बांगरमऊ-नानामऊ-बिल्हौर-बेला-इटावा मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-40) के 5.52 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री द्वारा 48 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से विकासखंड चौबेपुर के ग्राम बनी और विकासखंड बिधनू के ग्राम खेरसा में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों के निर्माण, इकत्तीस करोड़ पचास लाख रुपये की लागत से बॉटनिकल गार्डन के विकास तथा 19 करोड़ से अधिक की लागत से न्यू कानपुर सिटी योजना में 30 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
मंच पर मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना जीरो पावर्टी के तहत रीना, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना दैवीय आपदा के तहत सौरभ यादव, मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत आशुतोष पांडेय, लखपति दीदी सीमा एवं रुखसार बानो, स्वदेशी गो-संवर्धन योजना के तहत प्रियांशु, आयुष्मान भारत योजना के तहत सुषमा कुशवाहा तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत डॉ. दीप्ति तिवारी को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त सफाईकर्मी राजपाल वाल्मीकि एवं शिवम वाल्मीकि को भी मंच पर सम्मानित किया गया।

