Site icon TIMES OF PEDIA

किसानों को दी मृदा स्वास्थ्य संरक्षण की जानकारी

cazri-farmers-soil-safety

cazri-farmers-soil-safety

जोधपुर, 18 नवम्बर । भाकृअनुप-केन्द्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान (काजरी) जोधपुर द्वारा संचालित खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत निदेशक डॉ. एचएस जाट के मार्गदर्शन में वैज्ञानिकों की टीम ने केरू ब्लॉक के बेरू गांव का दौरा कर किसानों एवं महिला कृषकों से सीधा संवाद स्थापित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शुष्क क्षेत्र में मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों का समुचित प्रबंधन, टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना तथा किसानों की आय एवं आजीविका के अवसरों को सुदृढ़ करना था।

इस दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा प्रसंस्करण के बारे में विस्तृत जानकारी दी। वैज्ञानिकों ने बताया कि मृदा की दीर्घकालिक उत्पादकता बनाए रखने के लिए रासायनिक उर्वरकों का संतुलित उपयोग, जैविक खादों का समावेश तथा फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन आवश्यक है। किसानों को बीजोपचार, जैव उर्वरकों, उपयोगी सूक्ष्मजीवों, हरी खाद एवं कम्पोस्ट के उपयोग द्वारा मृदा की उर्वरता और जैविक सक्रियता बढ़ाने के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में किसान उत्पादक संगठनों एवं स्वयं सहायता समूहों की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। वैज्ञानिकों ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सामूहिक रूप से प्रसस्करण, कम्पोस्ट उत्पादन, जैविक खाद निर्माण एवं अन्य कृषि आधारित उद्यम विकसित किए जा सकते हैं। इससे ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं अतिरिक्त आय के अवसर सृजित होने के साथ-साथ गांव में जैविक खाद की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा सकती है।

समूह आधारित उत्पादन एवं विपणन के माध्यम से इन गतिविधियों को एक टिकाऊ ग्रामीण उद्यम के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

Exit mobile version