Site icon TIMES OF PEDIA

नूंह: सांप को मारकर वीडियो किया वायरल,मामला दर्ज

case-is-from-shah-chokha-villa

case-is-from-shah-chokha-villa

नूंह, 30 सितंबर । पिनगवां थाना क्षेत्र के गांव शाह चोखा में सांप को मारकर उसका वीडियो बनाने के मामले में वन्य जीव विभाग ने संज्ञान लिया है। वन्य जीव विभाग के निरीक्षक की शिकायत पर पिनगवां थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वन्य जीव निरीक्षक फरीदाबाद राकेश कुमार को 29 सितंबर को सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो प्राप्त हुआ। वीडियो में एक व्यक्ति डंडे से सांप को मारता दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा व्यक्ति हाथ में कुल्हाड़ी लिए खड़ा नजर आ रहा है। बताया गया कि यह वीडियो पिनगवां थाना क्षेत्र के गांव खोरी शाह चोखा स्थित वरिष्ठ राजकीय विद्यालय के आसपास का है।

वीडियो सामने आने के बाद वन्य जीव निरीक्षक ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत में बताया गया कि सांप वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित जीव है और उसे मारना कानूनन अपराध है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि वन्य जीवों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सांप भी पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उसकी अहम भूमिका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बेजुबान जीवों को नुकसान न पहुंचाएं और वन्य जीवों की सुरक्षा में सहयोग करें।

Exit mobile version