Site icon TIMES OF PEDIA

कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए काशी विश्वनाथ धाम में महामृत्युंजय मंत्रों का जाप

captain-smit-machhar-helth-jap-

captain-smit-machhar-helth-jap-

वाराणसी, 01 अक्टूबर । दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद विमान को सुरक्षित उतारकर 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान किया गया।

कैप्टन स्मित मच्छार के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मानव जीवन की रक्षा के लिए किए गए प्रयासों के सम्मान में आयोजित इस अनुष्ठान में उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। सायंकाल नमो घाट और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर घाट पर होने वाली गंगा आरती में भी उनके स्वास्थ्य के लिए विशेष प्रार्थना और आयोजन किया जाएगा।

श्री काशी विश्वनाथ धाम में हुए अनुष्ठान के दौरान 21 शास्त्रियों ने कुशा-जल से रुद्राभिषेक किया। इसके बाद 11 शास्त्रियों ने कैप्टन मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के साथ एक लाख महामृत्युंजय मंत्रों का जाप किया।

मंदिर न्यास के अनुसार, यह आयोजन सनातन परंपरा की ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और विश्व-बंधुत्व की भावना को समर्पित है। इसका उद्देश्य कैप्टन मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के साथ समाज में एकजुटता, सहयोग और मानवता की भावना को भी रेखांकित करना है।

मंदिर प्रशासन ने कहा कि मानव जीवन की रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर कर्तव्य निभाना मानवता की सेवा का सर्वोच्च उदाहरण है। कैप्टन मच्छार ने संकट की घड़ी में जिस साहस और सूझबूझ का परिचय दिया, वह सराहनीय है।

उल्लेखनीय है कि 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में कॉकपिट के भीतर दोनों पायलटों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। इस दौरान एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद विमान महज 37 सेकंड में करीब 14,300 फीट नीचे आ गया।

उस समय विमान का संचालन भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार कर रहे थे। गंभीर स्थिति के बावजूद उन्होंने कॉकपिट में हुए हमले का सामना किया और तेजी से नीचे आ रहे विमान को नियंत्रित करते हुए सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई।

घटना के बाद सोशल मीडिया समेत विभिन्न माध्यमों पर कैप्टन स्मित मच्छार के साहस और सूझबूझ की चर्चा हो रही है। फ्लाईदुबई की इस उड़ान में चाकू के हमले में घायल हुए कैप्टन मच्छार भारतीय नागरिक हैं।

Exit mobile version