लखनऊ, 04 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा की ओर से स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने तथा कुम्हार—प्रजापति समाज के सम्मान एवं स्वावलंन के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान चलाया जायेगा। यह अभियान भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल के नेतृत्व में प्रदेश के सभी जिलों में संचालित किया जायेगा। यह जानकारी बुधवार काे भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रिशी चौरसिया ने दी।
रिशी चौरसिया ने बताया कि अभियान के तहत 05 व 06 नवम्बर को पिछड़ा वर्ग मोर्चा के समस्त पदाधिकारी मण्डल स्तर तक कुम्हार समाज के जो परिवार मिट्टी के बर्तन,दीपक,कुल्हड़,सुराही व खिलौने बनाते उनके घरों पर जाकर सम्मान करेंगे।
अभियान को मण्डल स्तर तक ले जाकर गांव-गांव व जन-जन तक स्वदेशी का संदेश पहुंचाया जायेगा। इसके अलावा स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित मिट्टी के दीपक, कुल्हड़ व बर्तन एवं अन्य उत्पादों को उपयोग करने के लिए आमजन को प्रेरित किया जायेगा।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने जारी बयान में कहा कि कुम्हार समाज केवल मिट्टी के बर्तन बनाने वाला समाज नहीं बल्कि भारतीय सभ्यता संस्कृति और परम्परा का संवाहक है। इनके हाथों से बने दीपक हमारे घरों को ही नहीं बल्कि हमारी संस्कृति और विरासत को प्रकाशमान करते हैं। इसलिए कुम्हार समाज का सम्मान करना और इनके उत्पादों को अपनाना हम सभी का दायित्व है।

