देवरिया, 08 अगस्त । भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ के अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार काे देवरिया में नगर पालिका परिसर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर अगस्त क्रांति के क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद करते हुए देश की आजादी में भारत छोड़ो आंदोलन की भूमिका पर चर्चा की।
कार्यक्रम में किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने कहा कि अगस्त 1942 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में देश को अंग्रेजी शासन से मुक्त कराने के लिए भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत हुई थी। महात्मा गांधी ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ आंदोलन के दौरान ‘करो या मरो’ का ऐतिहासिक नारा दिया था। उन्होंने कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का महत्वपूर्ण पड़ाव था। इस आंदोलन ने अंग्रेजी हुकूमत को यह एहसास करा दिया कि भारतीयों को लंबे समय तक गुलाम बनाकर रखना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन ने देशवासियों में एकता, राष्ट्रप्रेम और स्वतंत्रता की भावना को और मजबूत किया। लाखों लोगों ने आंदोलन में भाग लेकर अंग्रेजी शासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। पूर्व भाजपा मीडिया प्रभारी अंबिकेश पांडेय ने कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन ने ब्रिटिश साम्राज्य की नींव हिला दी थी। इस आंदोलन ने युवाओं में नई ऊर्जा और देशभक्ति की भावना पैदा की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अगस्त क्रांति का विशेष महत्व है और यह आंदोलन अंग्रेजी हुकूमत के अंत की दिशा में निर्णायक कदम साबित हुआ। इस अवसर पर विजय कुशवाहा, वीरेंद्र पाठक, विजेंद्र चौहान, आदित्यनाथ मिश्र, राजू मिश्रा, सुमंत, सूरज कुमार सहित भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
————

