Site icon TIMES OF PEDIA

ब्रिटिश कोलंबिया में इमरजेंसी घोषित, जंगल की आग से 21 हजार से ज्यादा लोग विस्थापित

-------------------

-------------------

पेंटिक्टन/वैंकूवर, 09 अगस्त । कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में तेजी से फैल रही जंगल की आग के बीच शनिवार को पूरे प्रांत में इमरजेंसी घोषित कर दी गई। प्रांत के सौ से ज्यादा इलाके आग से प्रभावित हैं। करीब 21 हजार से ज्यादा लोगों को अपना घर छोड़ कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। लगभग 9,700 अन्य लोगों को संभावित निकासी के लिए अलर्ट पर रखा गया है।

सबसे गंभीर स्थिति बाल्ड रेंज जंगल की आग के कारण बनी हुई है। यह आग तेजी से फैलते हुए करीब 9,500 हेक्टेयर क्षेत्र में पहुंच गई है। इसके चलते ओकानागन झील के पश्चिम में स्थित समरलैंड, पीचलैंड और आसपास के इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के आदेश दिए गए हैं। अकेले समरलैंड के करीब 12,000 निवासियों को शुक्रवार देर रात घर खाली करने का आदेश दिया गया था।

कनाडा की राष्ट्रीय सार्वजनिक प्रसारक कैनेडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (सीबीसी) व अन्य मीडिया रिपाेर्ट के अनुसार, ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेविड एबी ने कहा कि आग के कारण घरों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि आग की दिशा और परिस्थितियां तेजी से बदलने के कारण कुछ लोग प्रभावित इलाकों में फंस गए थे और उन्हें बचाने के लिए अभियान चलाना पड़ा।

डेविड एबी के मुताबिक, आग इतनी भीषण है कि यह अपना मौसम तंत्र बना रही है। इससे बिजली गिरने जैसी घटनाएं हो रही हैं और आग के और भड़कने का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने प्रभावित लोगों से तत्काल निकासी आदेशों का पालन करने की अपील की।

ब्रिटिश कोलंबिया वाइल्ड फायर सर्विस (बीसीडब्ल्यूएस) के अधिकारियों ने बाल्ड रेंज की आग को बेहद चुनौतीपूर्ण बताया है। बचाव और अग्निशमन दल दिन-रात आग पर काबू पाने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे हुए हैं।

इमरजेंसी घोषित होने के बाद प्रांतीय सरकार को अतिरिक्त अधिकार मिल गए हैं। इनमें जरूरत पड़ने पर स्थानीय यात्रा पर प्रतिबंध लगाना, लोगों के लिए अस्थायी आवास की व्यवस्था करना और राहत एवं बचाव अभियानों के लिए संसाधनों का तेजी से इस्तेमाल करना शामिल है।

अधिकारियों के अनुसार, आग से प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। समरलैंड में पानी को लेकर भी एहतियाती निर्देश जारी किए गए हैं। आग के कारण पानी की आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने के बाद लोगों को पानी उबाल कर इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

इस बीच, आग से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोग पेंटिक्टन और केलोना की ओर चले गए। कई निवासियों ने बताया कि निकासी के दौरान हाईवे के आसपास आग की लपटें और जलती हुई इमारतें दिखाई दे रही थीं। शनिवार दोपहर तक धुएं के गुबार के कारण कई इलाकों में घरों तथा वाहनों पर राख जमा हो गई थी।

ब्रिटिश कोलंबिया में करीब 1,500 अग्निशमन दल 100 से अधिक जगहों पर आग की घटनाओं से जूझ रहे हैं। प्रांत में अब तक दर्जनों निकासी आदेश और अलर्ट जारी किए जा चुके हैं। कनाडा के अन्य प्रांतों में भी इस साल गर्म और शुष्क मौसम के कारण जंगल की आग का खतरा बढ़ा है।

आग पर काबू पाने के प्रयासों में अंतरराष्ट्रीय मदद भी मिल रही है। मैक्सिको, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस और न्यूजीलैंड के अग्निशमन दल ने कनाडाई अधिकारियों के साथ मिलकर राहत एवं अग्निशमन अभियान में सहयोग किया है।

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भी संघीय सरकार की ओर से ब्रिटिश कोलंबिया को हरसंभव मदद देने का भरोसा दिया है। उन्होंने आग से प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए काम कर रहे अग्निशमन और आपातकालीन दल का आभार जताया।

Exit mobile version