Site icon TIMES OF PEDIA

बलोचिस्तान : तुर्बत में पाकिस्तानी सेना के काफिले पर हमला, कई जवान हताहत

-----------------

-----------------

तुर्बत, 17 सितंबर । पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के केच जिले के मुख्यालय तुर्बत में बुधवार को पाकिस्तानी फोर्स के एक काफिले पर हमले की खबर सामने आई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, डबोक मैनो क्रॉस के पास हथियारबंद लोगों ने काफिले को निशाना बनाया।

बलोचिस्तान की ऑनलाइन समाचार नेटवर्क ‘द बलोचिस्तान पोस्ट’

ने बताया कि शुरुआती स्थानीय रिपोर्टों में दावा किया गया है कि हमले में कई जवान मारे गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के बाद मौके पर चार शव देखे गए और इलाके में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टुकड़ियां भेजी गईं।

सूत्रों ने हमले में मारे गए फ्रंटियर कॉर्प्स (एफसी) के दो जवानों की पहचान खालिद महमूद और रमजान जट्ट के रूप में की है। बताया गया है कि दोनों पंजाब के मियांवाली जिले के रहने वाले थे।

हालांकि, रिपोर्ट सामने आने तक घटना को लेकर पाकिस्तानी अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और ना ही किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी ली है।

Exit mobile version