Site icon TIMES OF PEDIA

राहुल भट्ट की हत्या के बाद कश्मीर में फूटा लोगों का गुस्सा, पुलिस का लाठीचार्ज

बडगाम के चाडूरा में कश्मीरी पंडित राहुल भट्ट की हत्या के विरोध में जम्मू से लेकर कश्मीर तक में विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं। खासकर घाटी में कश्मीरी पंडितों ने सड़क पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बारामुला-श्रीनगर हाईवे को जाम कर दिया। बडगाम में प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों की पुलिस से झड़प हो गई।

सुरक्षाबलों को आंसू गैस के गोले और लाठीचार्ज करना पड़ा

उन्हें काबू करने के लिए सुरक्षाबलों को आंसू गैस के गोले और लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद पूरी घाटी में हालत गंभीर बने हुए है। कश्मीर के सभी जिलों में प्रदर्शन चल रहे हैं। कश्मीरी पंडित कर्मचारियों का कहना है कि बिना सुरक्षा के वह दफ्तर नहीं जाएंगे।

कश्मीरी पंडितों ने राहुल भट्ट के शव के साथ सड़क पर विरोध जताया

इससे पहले वीरवार शाम को कश्मीरी पंडितों ने राहुल भट्ट के शव के साथ सड़क पर विरोध जताया और उप राज्यपाल के आने तक शव उठाने से इनकार कर दिया। देर रात तक जगह जगह विरोध प्रदर्शन चलता रहा। बाद में उप पुलिस महानिरीक्षक सुजीत कुमार के आश्वासन पर कर्मचारी शव उठाने को तैयार हुए।

बारामुला में वीरवन पंडित कॉलोनी में भी कश्मीरी पंडितों ने प्रदर्शन किया। कश्मीरी पंडितों ने कहा कि जब तक उन्हें सुरक्षा का पूर्ण आश्वासन नहीं मिलता तब तक वो लोग नौकरियों पर नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमने बार-बार प्रशासन को सुरक्षा से संबंधित ज्ञापन दिए, लेकिन कुछ नहीं हुआ। आज इस घटना के बाद हम असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मिलने के लिए श्रीनगर में बडगाम से राजभवन की ओर जा रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे.

कुछ प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि प्रशासन सुरक्षा प्रदान करने में विफल रहता है, तो सरकारी कर्मचारियों के रूप में कार्यरत कश्मीरी पंडित अपने-अपने पदों से सामूहिक इस्तीफा देंगे.

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बाद में घटना पर एक बयान जारी किया. उन्होंने कहा, “प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा को भांपते हुए, जिन्होंने हिंसा का सहारा लिया था और प्रशासन द्वारा शांति के अनुरोध को नकारा इसके लिए पुलिस को आखिरकार उन्हें तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के कुछ गोले फेंकने पड़े.”

पुलिस ने कहा, “हालांकि, प्रदर्शनकारी शेखपोरा रोड पर फिर से जमा हो गए और धरने पर बैठ गए और मुख्य सड़क को जाम कर दिया. बाद में, वे सभी अपने घर वापस चले गए.”

शुक्रवार को राहुल भट्ट का अंतिम संस्कार किया गया. अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) जम्मू मुकेश सिंह, डीविजनल कमिश्नर रमेश कुमार और उपायुक्त अवनी लवासा भी श्मशान घाट पहुंचे.

Exit mobile version